
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ताज नगरी आगरा को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। वह ऐतिहासिक शहर आगरा में सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मेट्रो रेल परियोजना की आधारशिला रखेंगे। दो कॉरिडोर वाले इस प्रोजेक्ट पर काम दो चरणों में पूरा होगा। पहले चरण का काम दिसंबर, 2022 में पूरा होगा। आगरा में मेट्रो रेल सेवा शुरू होने से सार्वजनिक परिवहन सुविधा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। साथ ही आगरा के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
परियोजना की लागत 8,379 करोड़
बता दें कि इस परियोजना के जरिए टूरिस्ट स्पॉट जैसे ताजमहल, आगरा फोर्ट, सिकंदरा को रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से जोड़ा जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। इस परियोजना की अनुमानित लागत 8,379.62 करोड़ रुपए है। 5 सालों में पूरी होने वाली इस परियोजना से आगरा में 29 किलोमीटर के दायरे में मेट्रो रेल की सेवा मिलने लगेगी।