Weather Forecast देश के ज्यादातर हिस्सों में पड़ रही कड़ाके की सर्दी उत्तर भारत के साथ मध्य भारत के बड़े हिस्से में गलन के साथ ठिठुरन ने बढ़ाई मुश्किल दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे के साथ लुढ़का तापमान
नई दिल्ली। देशभर के कई इलाकों में मौसम का मिजाज ( weather update ) गलन और ठिठुरन बढ़ाने वाला हो गया है। उत्तर और मध्य भारत का बड़ा हिस्सा शीतलहर ( Cold Waves ) की चपेट में है। वहीं राजधानी दिल्ली समेत 20 से ज्यादा शहरों में घने कोहरे का असर देखने को मिल रहा है।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर बर्फबारी ( Fresh Snowfall ) का दौर शुरू होगा। खास तौर पर जम्मू-कश्मीर में हिमपात के बाद पारा और लुढ़कने के आसार बने हुए हैं। वहीं मौसम विभाग ने कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की है।
गलन ने बढ़ाई मुश्किल
उत्तर भारत का ज्यादातर हिस्सा इन दिनों हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सामना कर रहा है। कई इलाकों में तापमान तीन से चार डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं घने कोहरे ने भी आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। पंजाब से लेकर हरियाणा और उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार तक 20 से ज्यादा जिलों में सर्दी का सितम जारी है।
पंजाब और हरियाणा में ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है। गुरुवार को आदमपुर में तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि दोनों राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ डिग्री नीचे रहा।
एमपी में हाड़ कंपा देने वाली ठंड
उत्तर भारत के साथ-साथ मध्य प्रदेश का बड़ा हिस्सा शीतलहर की चपेट में है। प्रदेश में सबसे कम तापमान लोकप्रिय पर्यटन स्थल खजुराहो में रहा। यहां पारा तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
आईएमडी के मुताबिक छतरपुर और दतिया जिलों में शुक्रवार सुबह तक अलग-अलग स्थानों पर कड़ाके की ठंड के आसार बने हुए हैं।
घाटी में बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग ने जम्मू कश्मीर में फिर से बर्फबारी का अलर्ट जारी कियाहै। आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी विभोक्ष के प्रभाव के चलते बारिश-बर्फबारी दो से तीन फरवरी तक जारी रहेगी। कश्मीर घाटी में शीतलहर की वजह से तापमान कई डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है।
तापमान शून्य से कई डिग्री सेल्सियस नीचे होने की वजह से घाटी के कई क्षेत्रों में जलाशयों और जल आपूर्ति लाइनों में पानी जम गया है।
झारखंड में बारिश शुरू
झारखंड के कुछ इलाकों में शुक्रवार सुबह से ही बारिश हो रही है। इटखोरी में शुक्रवार को सुबह साढ़े छह बजे से बादलों कड़कने के साथ बारिश का सिलसिला जारी है। माना जा रहा है कि इससे प्रदेश में ठंड का कहर और बढ़ सकता है। बारिश के कारण लोग अपने घरों अनावश्यक बाहर नहीं निकल रहे हैं।