
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में आज घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी लगभग शून्य है और लोगों की आवाजाही बुरी तरह से प्रभावित है। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च के मुताबिक दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स 492 दर्ज किया गया है, जिसे बहुत खतरनाक माना जाता है। इसके अलावा उत्तर भारत के कई राज्य शीत लहर की चपेट में है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी आज कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है।
दिल्ली में पारा तापमान आज फिर कम हो गया है। तापमान गिरने की वजह से ठिठुरन भी बढ़ गई है। बता दें कि शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान बढ़कर सामान्य से एक डिग्री अधिक 6.4 डिग्री सेल्सियस हो गया था। जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
केंद्र सरकार की वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली ने कहा कि दिल्ली में हवा की कम गति प्रदूषकों के फैलाव के लिए बेहद प्रतिकूल होती है। यही वजह है कि वायु गुणवत्ता में काफी गिरावट आई है।