
वडोदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 7 पर बन रहा बुलेट ट्रेन स्टेशन।
वडोदरा. वडोदरा बुलेट ट्रेन स्टेशन युवाओं की गतिशीलता और अवसरों को सक्षम बनाने वाला केंद्र बनेगा। बुलेट ट्रेन स्टेशन शहर के मौजूदा परिवहन नेटवर्क में हाई-स्पीड रेल को जोड़कर इस गतिशीलता को और मजबूत भी करेगा। प्रगति का नया प्रवेश द्वार समान यह स्टेशन शिक्षा से लेकर नए अवसरों तक तेज गति से आगे बढ़ाएगा। अहमदाबाद, सूरत और मुंबई आदि प्रमुख शहरों के साथ तेज़ और निर्बाध कनेक्टिविटी से वडोदरा के युवाओं के लिए व्यापक शैक्षणिक और कॅरियर अवसरों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही, विद्यार्थी और पेशेवर अधिक सुविधा के साथ अपने घर वापस लौट सकेंगे।
यह स्टेशन वडोदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 के ऊपर बनाया जा रहा है, जिससे बुलेट ट्रेन और भारतीय रेल के बीच निर्बाध आवागमन संभव होगा। स्टेशन का स्थान पश्चिम रेलवे स्टेशन तथा शहर के सिटी और इंटरस्टेट बस डिपो के साथ भी बेहतर एकीकरण सुनिश्चित करता है।
यह एकीकरण विशेष रूप से युवा यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे अपनी पूरी यात्रा के दौरान विभिन्न परिवहन साधनों को आसानी से जोड़ सकेंगे और एक अधिक सुविधाजनक एवं सुगम यात्रा का अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।
फोकस केवल गति पर नहीं, बल्कि यात्रा को सरल, आरामदायक और सुगम बनाने पर भी है। स्टेशन पर यात्रियों के लिए आरामदायक प्रतीक्षालय, शौचालय एवं रिटेल सुविधाएं, यात्रियों के लिए पिक-अप एवं ड्रॉप-ऑफ क्षेत्र, कार, बस और ऑटो के लिए अलग-अलग पार्किंग सुविधाएं, आधुनिक स्टेशन प्लाजा, यात्री प्रतीक्षा क्षेत्र, लैंडस्केपिंग, स्पष्ट एवं सुविधाजनक वे-फाइंडिंग व्यवस्था आदि सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
यात्रियों के लिए परिवहन के विभिन्न साधनों के बीच निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने और पूरी यात्रा को सुगम एवं सुविधाजनक बनाने के लिए बुलेट ट्रेन स्टेशन को तीन फुट ओवर ब्रिज से जोड़ा जाएगा। इनमें 534 मीटर लंबा पहला ब्रिज बुलेट ट्रेन स्टेशन को वडोदरा रेलवे स्टेशन और गुजरात एसटी के सेंट्रल बस डिपो से जोड़ेगा। यात्रियों के लिए रेल और बस सेवाओं के बीच आवागमन को आसान बनाने के लिए इसमें ट्रैवलेटर की सुविधा होगी। 90 मीटर लंबा दूसरा ब्रिज रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजरते हुए बुलेट ट्रेन स्टेशन को शहर के अल्कापुरी क्षेत्र से जोड़ेगा। 51 मीटर लंबा तीसरा ब्रिज स्टेशन की पार्किंग एवं स्टेशन प्लाजा से कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें लिफ्ट और एस्केलेटर की व्यवस्था होगी।
स्टेशन की वास्तुकला बरगद के पेड़ से प्रेरित है, जो वडोदरा की पहचान और ‘वड’ वृक्ष के साथ शहर के ऐतिहासिक जुड़ाव को दर्शाती है। स्टेशन के यात्री क्षेत्रों को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां प्राकृतिक रोशनी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो और यात्रियों को बाहर के आकाश के दृश्य दिखाई दें। इससे स्टेशन के अंदर एक खुला, प्रकाशयुक्त और आरामदायक वातावरण तैयार होगा।
Updated on:
10 Sept 2026 09:30 pm
Published on:
10 Sept 2026 09:30 pm
