विविध भारत

याहू को मिलेगा नया नाम ‘अलताबा’

4.8 अरब डॉलर में याहू बिकने को तैयार। डील पूरी होने के बाद नाम बदला जाएगा। 
less than 1 minute read
• •
Updated: 10 Jan 2017, 11:51 AM IST
Yahoo headquarter
Yahoo headquarter
न्यूयॉर्क. किसी जमाने में दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनी रही याहू का जल्द ही नाम बदल जाएगा। उसका नाम याहू की जगह अलताबा हो जाएगा। इसके अलावा कंपनी के ई-मेल, वेबसाइट, सर्च इंजन और एडवरटाइजिंग टूल जैसे तमाम प्रोडक्ट भी बदल जाएंगे। हालांकि सभी प्रोडक्ट्स पहले की तरह बरकरार रहेंगे मगर उन्हें अपग्रेड किया जाएगा।

वेरिजन कंपनी याहू को खरीदेगी

दरअसल, वेरिजन कंपनी याहू को खरीदने वाली है। यदि डिजिटल सेवाएं मुहैया कराने वाली याहू कंपनी की 4.8 अरब डॉलर में प्रस्ताविक बिक्री की प्रक्रिया पूरी हो जाती है, तो याहू को एक नई कॉरपोरेट पहचान मिल जाएगी। बिक्री के बाद इसका नाम बदल जाएगा। इसके साथ ही इसके बोर्ड के आकार में कटौती हो सकती है। याहू और वेरिजन के बीच डील पूरी होने के बाद सीईओ मारिसा मेयर, सह-संस्थापक डेविड फिलो और कंपनी के वर्तमान में 11 सदस्यीय बोर्ड में से चार अन्य निदेशक इस्तीफा दे देंगे। माना जा रहा है कि वेरिजन अपने स्वामित्व के तहत याहू के ब्रांड को बनाए रखेगी।

हैकिंग मामले से सौदे पर असर

साल 2013 और 2014 में हुए कंप्यूटर हैकिंग के दो मामलों के सामने आने के बाद वेरिजन-याहू के बीच का यह सौदा खतरे में पड़ गया था। माना जा रहा है कि इन साइबर हमलों में 1 अरब से अधिक यूजर एकाउंट से जुड़ी निजी जानकारी को चुरा लिया गया था। ऐसे में वेरिजन इस बात का दोबारा से आकलन कर रही है कि क्या उसे याहू के सेल प्राइस पर फिर से बात करनी चाहिए या हैकिंग के खुलासे के बाद डील को रद्द कर देना चाहिए। वहीं याहू सौदा बरकरार रखने की पूरी कोशिश कर रही है।

Published on: