विश्‍व की अन्‍य खबरें

फिलिपींस की ओर बढ़ा मेलर तूफान, स्कूल और नौवहन बंद, अलर्ट जारी

तूफान समर द्वीप से 205 किलोमीटर की दूरी पर था और रात भर में यह दूसरी श्रेणी से मजबूत होकर सुबह तीसरी श्रेणी के तूफान में बदला
less than 1 minute read
Dec 14, 2015
storm in Philippines
storm in Philippines
मनीला। फिलिपींस में मेलर तूफान के मजबूत होकर आगे बढऩे से मध्य भाग में बढते खतरे के मद्देनजर प्रशासन ने स्कूलों को बंद करने, समुद्र में मछली पकडऩे और नौवहन पर आज पाबंदी लगा दी। मौसम विभाग द्वारा जारी बयान में कहा गया कि मेलर एक चक्रवाती तूफान है, जिसे स्थानीय लोग नोना के नाम से जानते हैं। यह तूफान समर द्वीप से 205 किलोमीटर की दूरी पर था और रात भर में यह दूसरी श्रेणी के तूफान से मजबूत होकर सुबह तीसरी श्रेणी के तूफान में बदल गया है, जिसमें हवा की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रतिघंटा है।

मौसम विभाग के अनुसार यह तूफान मध्य फिलिपींस में 2013 में आए जबरदस्त तूफान हेयान की तरह ही आगे बढ़ रहा है। हेयान जब फिलिपींस से टकराया तो वह पांचवीं श्रेणी के तूफान में बदल गया था, जिसने यहां भयानक तबाही मचायी थी और इसकी चपेट में आकर लगभग 8000 लोग या तो मारे गये थे या लापता हो गए थे। तटरक्षक बल द्वारा मेलर तूफान के खतरे के मद्देनजर समुद्र में नौवहन और मत्सयन पर रोक लगा देने से लगभग 8000 हजार लोग बंदरगाहों पर फंस गये हैं।

मौसम विज्ञानी एडम डाउटी ने कहा मेलर तूफान का दायरा काफी छोटा है इसलिए इसके केंद्र से बहुत ज्यादा दूर तक तबाही मचाने का खतरा कम है। मेलर के तट से टकराने पर इसके सुपर साइक्लोन में बदलने की आशंका तो कम ही है, लेकिन फिर भी इससे लोगों और सम्पत्ति को नुकसान होने का खतरा तो है ही। तूफान के प्रभाव में इसके केंद्र से 300 किलोमीटर के दायरे में मूसलाधार बारिश की आशंका को देखते हुए राजधानी मनीला सहित 20 प्रांतों में चेतावनी जारी कर दी गयी है। फिलिपींस को हर साल इन तूफानों का सामना करना पड़ता है औसतन 20 तूफान हर साल फिलिपींस से गुजरते हैं।
Published on:
14 Dec 2015 11:20 am