
मुरादाबाद: शहर के कटघर थाना क्षेत्र में एक सनसनी खेज मामला सामने आया है। जिसमें महज ठेले पर मोमोज पहले खाने को लेकर दो पक्षों में इस कदर तनातनी हुई कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक को घेरकर बुरी तरह लाठी डंडों से मारपीट कर अधमरा कर दिया और नाले में डालकर छोड़ गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है,जबकि आरोपियों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने जांच कर कार्यवाही की बात कही है। ये पूरा मामला 9 अक्टूबर का है और पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी में कैद हप गयी है।
ये है मामला
मामला 9 तारीख का है जब पीड़ित संजू मोमोज की दुकान पर मोमोज खाने गया था। तभी पड़ोसी दिनेश भी दुकान पर पहुंच गया और मोमोज खाने को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। जिसके बाद संजू अपने घर वापस आ रहा था तभी दिनेश उसका भाई राहुल सोनू और उसके पिता पप्पू ने संजू के ऊपर जानलेवा हमला बोल दिया। काफी देर तक चारों ने मिलकर लाठी डंडों से पीट-पीटकर संजू को लहूलुहान कर दिया। यही नहीं अधमरी हालत में उसे यूं ही छोड़ दिया।
दहशत में पीड़ित
फिलहाल संजू का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है घायल संजू ने बताया कि उसके द्वारा पुलिस को तहरीर दे दी गई है। उसे अपनी जान का खतरा अभी भी आरोपियों की ओर से बना हुआ है। जिस कारण अभी भी वो दहशत में है।
पुलिस की लापरवाही उजागर
पूरा मामला सीसीटीवी में कैद होने के बाद भी पुलिस अभी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई। सीओ कटघर ने इस घटना के बारे में कैमरे पर कुछ भी बोलने से मना कर दिया। बताया गया है कि पुलिस ने इस गम्भीर घटना का संक्षिप्तीकरण करके आरोपियों का चालान महज 151 शांति भंग में कर दिया है। जबकि घटना की वीभत्स्स्ता सीसीटीवी में साफ़ दिख रही है।