
मुरादाबाद: शहर के पाकबड़ा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कक्षा सात के छात्र ने महज इस वजह से ख़ुदकुशी कर ली,क्यूंकि उसकी जिद के बाद भी उसकी मां ने उसे स्मार्टफोन नहीं दिलाया था। घटना का पता बुधवार रात को चला जब उसकी मां का से वापस लौटी। जिसके बाद पूरे घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीँ छात्र के इस आत्मघाती कदम से हर कोई हैरान है।
मां थी सुरक्षा गार्ड
दिल्ली रोड स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करने वाली नीरज अपने सबसे छोटे बेटे अनुज शर्मा के साथ किराये के मकान में रहती थी। कल देर रात जब नीरज अपनी ड्यूटी से वापस लौटी तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर का दरवाजा खोलते ही कमरे में पंखे पर झूलता अनुज का शव नजर आया। अनुज ने अपनी मां नीरज के दुपट्टे से लटककर जान दे दी थी। अनुज का शव देखकर नीरज सदमें में आ गयी और उसने मकान मालिक को सूचना दी जिसके बाद मकान मालिक ने नीरज के पति को घटना की जानकारी देने के साथ ही पुलिस को भी मौके पर बुला लिया।
छात्र था पढाई में कमजोर
नीरज शर्मा का परिवार मूल रूप से अमरोहा जनपद के रहने वाला है। हसनपुर तहसील के दरौला गांव निवासी महेंद्र के घर में उनकी पत्नी नीरज तीन बेटे और एक बेटी है। दो साल पहले परिवार की आर्थिक हालत खराब हुई तो नीरज शर्मा मुरादाबाद आकर नौकरी करने लगी। सबसे छोटे बेटे अनुज शर्मा को अपने साथ लाकर नीरज पाकबाड़ा कस्बे में किराए के कमरे में रह रही थी। अनुज शर्मा सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा सातवीं का छात्र था और पढ़ाई में कमजोर था जिसकी वजह से नीरज अक्सर उसको डांटती भी थी।
कर रहा था स्मार्टफोन
परिजनों के मुताबिक अनुज पिछले काफी दिनों से अपनी मां नीरज से एक स्मार्टफोन दिलाने की मांग कर रहा था लेकिन पढ़ाई में ध्यान लगाने की वजह से नीरज उसे स्मार्टफोन दिलाने को तैयार नहीं थी। स्मार्टफोन ना मिलने से अनुज काफी परेशान था और वह स्कूल भी नहीं जा रहा था। कल सुबह नीरज खुद अनुज को स्कूल छोड़कर आई और उसने अनुज को फीस के पैसे जमा करने दिए थे। नीरज के जाने के बाद अनुज ने स्कूल में फीस जमा की और वापस लौट आया। मकान मालिक के पूछने पर अनुज ने किताबें चोरी होने की बात बताई और कमरा बन्द कर सो गया। देर रात जब नीरज अपनी ड्यूटी से वापस लौटी तो उसको अनुज द्वारा खुदकुशी की जानकारी मिली।
पुलिस कर रही है जांच
पुलिस ने अनुज के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों से भी मामले की जानकारी ली जा रही है। एसपी सिटी अंकित मित्तल के मुताबिक अनुज ने स्मार्टफोन की मांग और पढ़ाई के चलते डांट खाने की वजह से खुदकुशी की है।