
अमरोहा: बुधवार रात हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में वाहन चेकिंग दे दौरान बदमाशों ने दरोगा के सीने में गोली मारकर घायल कर दिया था। वहीँ जबाबी कार्यवाही में मुठभेड़ में पुलिस ने एक बदमाश को भी मार गिराया है। मारा गया बदमाश बिजनौर का इंतजाम अली था जो इरशाद गोलिया गिरोह का सदस्य था। उस पर 15 से अधिक मुकदमे थे। मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हुआ है। उधर सीने से गोली निकलने के बाद भी दरोगा की हालत की नाजुक बनी हुई है। उसे आईसीसीयू में रखा गया है।
ऐसे हुई मुठभेड़
एसपी अमरोहा विपिन ताडा के मुताबिक दरोगा पवन पाठक साथी सिपाहियों के साथ कोतवाली के पीछे चेकिंग कर रहे थे। तभी बाइक सवार दो लोगों को रोकने पर उन्होंने दरोगा के सीने में गोली मारी और भागने लगे। एकाएक फायरिंग में पुलिस में भी हडकंप मच गया। साथी सिपाहियों ने पहले घायल दरोगा को अस्पताल भिजवाया और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। जिस पर कई टीमों ने घेराबंदी की और बदमाशों से मुठभेड़ हुई। जिसमें पुलिस की गोली से इंतजाम अली की मौत हो गयी। जबकि एक साथी फरार होने में सफल रहा।
दरोगा की हालत नाजुक
पुलिस ने गुरूवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद बदमाश के शव को परिजनों को सौंप दिया है। जबकि उधर मुरादाबाद के निजी मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन के बाद गोली निकाल दी गयी है। लेकिन हालत नाजुक बनी हुई है।