मुरादाबाद

बड़ी खबर: लोकसभा चुनाव 2019 में चुनाव आयोग देश भर में करने जा रहा ये बड़ा बदलाव

मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू आज मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण की समीक्षा के लिए महानगर पहुंचे।

2 min read
moradabad
बड़ी खबर: लोकसभा चुनाव 2019 में चुनाव आयोग देश भर में करने जा रहा ये बड़ा बदलाव

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू आज मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण की समीक्षा के लिए महानगर पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में मंडल भर के अधिकारीयों के साथ समीक्षा बैठक की। इसके साथ ही मतदान जागरूकता को लेकर दिल्ली रोड स्थित निजी यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। जिसमें कई संगठनों व् स्कूल के बच्चों ने भी प्रतिभाग किया। इसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों सम्बन्धी जानकारी में बताया कि इस बार आयोग हर बूथ पर वीवीपैट मशीन लगाएगा। ताकि ईवीएम पर उठ रहे सवालों पर लगाम लग सके। इसके साथ ही उन्होंने मतदाता सूची में जेंडर रेशियो सुधारने पर जोर दिया।

ईवीएम से छेड़खानी नहीं हो सकती

ईवीएम से छेड़खानी के सवाल पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ईवीएम में छेड़खानी की गुंजाइश नहीं है। निर्वाचन आयोग ने चैलेंज किया है कि कोई इसे साबित करके दिखाए। तीस साल पहले ईवीएम का प्रयोग शुरू किया गया। शोर चाहे जितना मचा हो पर कहीं भी गड़बड़ी साबित नहीं हो सकी। इसके बाद भी निर्वाचन आयोग इस बार हर बूथ पर वीवीपैट लगाने जा रहा है। गुजरात समेत कुछ राज्यों में सौ फीसदी सफल पालन किया गया है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश में सभी बूथों पर इसकी व्यवस्था की जा रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में शहरी विधानसभा क्षेत्र में इसका प्रयोग किया गया था।

जेंडर रेशियो सुधारने पर जोर

एल वेंकटेश्वर लू ने कहा कि ईपी रेशियो और जेंडर रेशियो सुधारने पर जोर है। मुरादाबाद के संभल जिले में जेंडर रेशियो खराब है। जबकि कहीं कहीं 65 का औसत है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि आजमगढ़ देवरिया, जौनपुर समेत पूर्वांचल के कुछ जिलों में महिला मतदाताओं की संख्या काफी कम है। इस बार आयोग ने कहा है कि दिव्यांगों को न सिर्फ वोटर बनाएं बल्कि सभी मतदाताओं को बूथों तक कैसे लाएं यह भी ध्यान दें। बूथों पर पानी का इंतजाम, छाया का बेहतर इंतजाम होगा। बूथों में तैनात पुलिस कर्मियों को ट्रेनिंग दी जाएगी कि वह मतदाताओं से अच्छा व्यवहार करें। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आयोग की मंशा है कि निष्पक्ष और निर्भीक चुनाव संपन्न करवाया जाए ऐसा माहौल बने।

एक ही मतदाता सूची बनेगी

इसके साथ ही एक साथ सभी चुनाव होंगे या नहीं इस सवाल को टाल गए हां इतना जरुर कहा कि लोकसभा और विधान सभा की मतदाता सूचियां अब एक ही होगीं। इनमें जल्द बदलवा नहीं होगा। सिर्फ समय के साथ अपडेट होंगी।

Published on:
24 Oct 2018 09:58 pm