
मुरादाबाद. मुझे मेरी पत्नी दिलाओ नहीं तो मैं अपनी जान दे दूंगा। यह कहना है महिला थाने के बाहर बैठे ऐ युवक का। दरअसल इस युवक के खिलाफ उसकी पत्नी ने महिला थाने में उत्पीड़न का मुकदमा करा रखा है, जिसके तहत शनिवार को दोनों पक्षों को समझौते के लिए बुलाया गया है, मगर उससे पूर्व ही युवक महिला थाने के सामने बीच सड़क पर बैठ गया और रोते हुए हंगामा कर कहने लगा कि मुझे मेरी बीवी दिलवाओ नहीं तो मैं अपनी जान दे दूंगा। युवक के हंगामे की सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंच गयी और उसे थाने ले आई।
यह भी पढ़ें- निकाय चुनाव में परोसने के लिए लग्जरी कार में लाई जा रही अवैध शराब जब्त
जानकारी के मुताबिक मूलरूप से चंदौसी कोतवाली के मौहल्ला लक्ष्मण गंज निवासी इल्यास पुत्र पुत्तन मेहनत मजदूरी का काम करता है और हाल में महानगर के मझोला थाना क्षेत्र के धीमरी में किराए के मकान में रहता है। उसकी शादी कुंदरकी के मौहल्ला तकिया निवासी राबिया के साथ दस वर्ष पूर्व हुई थी। उनकी कोई संतान नहीं है। छह माह पूर्व पति-पत्नी में विवाद हुआ और पत्नी ने महिला थाने के शिकायत प्रकोष्ठ में उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया। शिकायत प्रकोष्ठ की ओर से दोनों पक्षों को 25 नवम्बर को बुलाया गया है। इससे पहले की दोनों पक्षों में बातचीत शुरू हो पाती युवक एक दिन पहले ही महिला थाने के सामने ही बीच सड़क पर बैठ गया और पत्नी को दिलवाने की गुहार लगाते हुए हंगामा करने लगा। बीच सड़क पर युवक के बैठने की सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक को थाने ले आई। इंस्पेक्टर सिविल लाइन ने बताया की पति पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। कल दोनों की सुनवाई भी है। युवक ने हंगामा क्यों किया उससे पूछताछ की जाएगी।