मुरादाबाद

दिनदहाड़े 33 लाख की लूट को अंजाम देकर फरार हुए बदमाश, पुलिस जांच में जुटी

बदमाशों ने दिनदहाड़े बैंक के बाहर 33 लाख की लूट को अंजाम दिया और तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
2 min read
• •
Updated: 5 May 2018, 4:26 PM IST
police

मुरादाबाद। जनपद में बदमाशों ने दिनदहाड़े बैंक के बाहर 33 लाख की लूट को अंजाम दिया और तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। भीड़ भरे चौराहे पर हुई लूट की वारदात के बाद पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ गए। एसएसपी, एसपी सिटी और सीओ सिविल लाइन ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की और आरोपियों की तलाश में सघन अभियान चलाया जा रहा है। बाइक सवार दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहना हुआ था।

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के व्यस्तम इलाके में मौजूद एक्सिस बैंक के बाहर का है जहां से बाइक सवार दो बदमाशों ने 33 लाख की लूट को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। सिकरो ट्रांस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के दो कर्मचारी राहुल और अजय बैंक से पैसा निकालने आये थे। इस दौरान दोनों के पास कम्पनी की वैन थी। जिसमें लाखों रुपये रखे हुए थे। शनिवार को बैंक से 33 लाख रुपये निकालने के बाद राहुल और अजय पैसों से भरा बैग लेकर बैंक के बाहर आये और वैन में पैसे रखने के लिए गाड़ी का दरवाजा खोलने लगे। इस दौरान वैन का ड्राइवर ओर गनर भी मौके पर गाड़ी के बाहर खड़े थे।

राहुल के मुताबिक इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आये और कंधे से लटका बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। जब तक सुरक्षा गार्ड ओर कर्मचारी कुछ समझ पाते तब तक दोनों बदमास तेज रफ्तार से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद सकते में आये कर्मियों ने उनका पीछा भी किया लेकिन सीओ सिविल लाइन के कार्यालय के सामने से दोनों बदमाश नागफनी थाना क्षेत्र की तरफ भाग गए।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी मौके पर पहुंच गए और दोनों कर्मियों से घटना की जानकारी ली। मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच कर जांच में जुटी है साथ ही शहर के सभी मार्गो पर चेकिंग शुरू कर दी गयी है। कम्पनी मालिक यतेंद्र के मुताबिक उसका ऑफिस लाजपतनगर में है और आज वैन लेकर कर्मी एटीएम में पैसा डालने निकले थे। एसएसपी के मुताबिक बदमासों को तलाश किया जा रहा है। और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Published on: