
मुरादाबाद/अमरोहा. शनिवार को अमरोहा में पकड़े गए नकली करेंसी के अन्तरराष्ट्रीय तस्करों से कई महिलाएं भी जुड़ी हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस धंधे की शुरुआत म्यांमार की लोलिता नाम की महिला से हुई जो खुद नकली नोट छापने का धंधा करती थी. लोलिता ने नकली नोट छापना म्यांमार के यंगून शहर में अपने भाई से सीखा था. जब अमरोहा का गजेन्द्र बैंकाक गया था, तभी उसकी मुलाकात लोलिता से हुई थी और वहीं पर उसने गजेन्द्र के जरिये हिन्दुस्तान में भी नकली नोट खपाने का काम शुरू कर दिया था.
गजेंद्र के साथ रहती थीं लड़कियां
शहर के पीतल नगरी में दीपक कालोनी में गजेन्द्र और प्रवीण खुद को बैंक मैनेजर बताकर किराए पर रह रहे थे. स्थानीय लोगों के मुताबिक उनके साथ दो लड़कियां भी आकर रहा करती थीं जिनका रहन-सहन कुछ रहस्यमय जैसा था. दोनों इन लड़कियों को अपनी रिश्तेदार बताते थे. वहीं अब जब इस घटना का खुलासा हुआ है तो इन्हीं लड़कियों के सहारे नकली नोट खपाए जा रहे थे. लड़की होने की वजह से दोनों पर आसानी से किसी को शक नहीं होता था.
लड़कियों का गायब होना चौंका रहा
हैरानी इस बात की है कि दोनों लड़कियां पुलिस छापे से दो दिन पहले ही चम्पत हो गयीं थी जो चौंकाने वाली बात है. फ़िलहाल पुलिस मंडल में इस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस जुट गयी है. पुलिस की मानें तो इन महिलाओं के पकड़ में आने से इस गैंग से जुड़ी और भी महिलाओं के राज खुल सकते हैं. वहीँ शुरूआती जांच में ये बात भी आयी है कि आरोपी गजेन्द्र और प्रवीण ने मकान मालिक को जो बताया था कि वो दोनों रामपुर में एक प्राइवेट बैंक में नौकरी करते हैं. यही नहीं दोनों कमरों में मकान मालिक या उनके बच्चों को भी नहीं जाने देते थे.
बहू ने जेठ से कहा, 30 लाख दो, नहीं तो दहेज़ के मुकदमे में फंसा दूँगी
कड़ी की तलाश
बहरहाल पुलिस के साथ ही खुफियां इकाइयाँ भी इस गिरोह के अन्य सदस्यों और उसके नेटवर्क को खंगालने में जुट गयी हैं क्यूंकि महज चंद लोग ही इतना बड़ा नेटवर्क नहीं संभाल सकते. पाकिस्तान, म्यांमार और थाईलैंड तक फैले इस जाल में मुरादाबाद के कौन-कौन लोग शामिल हैं, ये कड़ी तलाशना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है.