मुरादाबाद

संभल में छेड़छाड़ पीड़िता से महिला पुलिस का रिश्वत लेने का वीडियो हुआ वायरल , आप भी देखें

वायरल वीडियो का मामला पुलिस अधिकारियों की जानकारी में आया तो पुलिस की साख बचाने के लिए आनन-फानन में आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
2 min read
• •
Updated: 4 Oct 2017, 4:34 PM IST
Corrupt UP police

संभल. जनपद में यूपी पुलिस का एक शर्माक चेहरा सामने आया है। यहां छेड़छाड़ की पीड़िता से बयान दर्ज करने के लिए पुलिस ने पैसे की मांग की। इस दौरान रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पीड़िता की ओर से पुलिस वालों को दिए गए पैसों का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। इसके बाद छेड़छाड़ पीड़िता से पुलिस वालों की ओर से पैसे वसूलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जब वायरल वीडियो का मामला पुलिस अधिकारियों की जानकारी में आया तो पुलिस की साख बचाने के लिए आनन-फानन में आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि संभल में पिछले काफी दिनों से रिश्वत लेने का वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। रिश्वत मांगने वाले इस नए वीडियो में खास बात ये है कि एक महिला पुलिसकर्मी पीड़ित महिला के परिजन से रिश्वत वसूल रही है। दरअसल, नगर थाना इलाके के एक गांव की निवासी छेड़छाड़ से पीड़ित महिला अपने मुकदमे के संबंध में अपने बयान दर्ज कराने के लिए हयात नगर थाने पहुंची थी। जहां मुकदमे की जांच अधिकारी पहले काफी देर तक महिला को बयान दर्ज करने के लिए टरकाते रहे। महिला के परिजनों ने जब पुलिस को बयान दर्ज करने के लिए कहा तो पुलिस ने बयान दर्ज करने के नाम पर महिला से रिश्वत की मांग की। इसके बाद काफी देर तक महिला के परिजनों और पुलिसकर्मियों के बीच रिश्वत के पैसों को लेकर मोल-भाव का दौर चला। अंत में मामला 800 रुपय में तय हुआ। इसी बीच पुलिस की इस करतूत की किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।

इस मामले में वीडियो सामने आने पर पुलिस विभाग ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, इस मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडे ने कहा कि हयात नगर थाना में कुछ पुलिसकर्मियों की ओर से एक छेड़छाड़ पीड़िता से पैसे वसूलने का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस मामले में आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

यहां बता दें की बीते महीने में इससे पहले सीओ चंदोसी कार्यालय के बाहर लेपर्ड के सिपाही का भी इसी तरह वीडियो वायरल हुआ था। उसके बाद एक दरोगा की वीडियो और फिर इस वीडियो के सामने आने के बाद जनपद पुलिस की ख़ासा किरकिरी हो रही है। ये हाल तब है, जब योगी सरकार में इस प्रकार के काम करने वालों के खिलाफ सख्त सजा का ऐलान किया जा चुका है, लेकिन वर्दीधारियों पर इसका कोई असर नहीं नहीं दिख रहा है।

Published on: