मुरादाबाद

अब से भूलकर ट्रेन में न करें ये काम,खानी पड़ सकती है जेल की हवा

अब लापरवाही के चलते बढ़ रही दुर्घटनाओं के कारण अभियान चलाकर ट्रेन या प्लेटफार्म और रेलवे ट्रैक पर सेल्फी लेने वालों पर कार्यवाही करेगा।
2 min read
• •
Updated: 14 Jun 2018, 5:26 PM IST
moradabad
अब से भूलकर ट्रेन में न करें ये काम,खानी पड़ सकती है जेल की हवा

मुरादाबाद: रेलवे आये दिन यात्री सुविधाओं को लेकर नया ऐलान कर रहा है। इसके साथ ही साथ वो यात्रियों की सुविधाओं को लेकर भी चिंतित है। इसी के तहत अब लापरवाही के चलते बढ़ रही दुर्घटनाओं के कारण अभियान चलाकर ट्रेन या प्लेटफार्म और रेलवे ट्रैक पर सेल्फी लेने वालों पर कार्यवाही करेगा। इसमें जुर्माने के साथ साथ जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है। डीआरएम अजय कुमार सिंघल ने बताया कि यात्रियों को पहले जागरूक किया जाएगा। ताकि वे सावधानी बरतें। पिछले दिनों कई बार ऐसी घटनाएं हुईं हैं। जिनमें यात्री ट्रेन के कोच के गेट पर या ट्रैक पर सेल्फी लेते समय दुर्घटना का शिकार हुआ है।

पहले हो चुकी है घटनाएं

यहां कुछ महीने पहले एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें एक युवक रेलवे ट्रैक पर दौड़ रही ट्रेन के आगे सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान ट्रेन आ गई और युवक की कटकर मौत हो गई थी। इस मामले को रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अश्वनी लोहानी ने गंभीरता से लिया था। सेल्फी की वजह से ट्रेन में या पटरियों पर कितनी मौतें हो चुकी हैं, इसकी रिपोर्ट तैयार कराई गई। इसमें यह बात सामने आई कि रेल प्रशासन द्वारा जागरूक करने के बाद भी चलती ट्रेन के अंदर, कोच के दरवाजे पर खड़े होकर, प्लेटफार्म के किनारे खड़े होकर या आती हुई ट्रेन के साथ सेल्फी लेने में लोग हादसे के शिकार हो रहे हैं।

पहले नहीं होती थी कार्यवाही

बीते महीने तक सेल्फी लेने वालों पर कार्रवाई का कोई प्रावधान नहीं था। लिहाजा आरपीएफ, जीआरपी और टीटीई ऐसे मामले में कार्रवाई नहीं कर पाते थे। अब रेलवे ने जुर्माना वसूलने के साथ जेल भेजने का प्रावधान किया है।

सेल्फी हो गया अपराध

रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर पी श्रीनिवास की ओर से जारी पत्र में ट्रेन में सेल्फी लेने को अपराध की श्रेणी में शामिल करने की जानकारी दी गई है। छह माह की जेल या दो हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान भी किया गया है। आरपीएफ, जीआरपी और टीटीई कार्रवाई करेंगे।

Published on: