एक कार तेज स्पीड के चलते अनियंत्रित होकर पलट गयी। जिसमें उसमें सवार तीन महिलाओं की मौत हो गयी।
मुरादाबाद: तमाम दावों के बावजूद सड़क दुर्घटनाओं में जान जाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जनपद में बीते 24 घंटे में अलग अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गयी है। इसमें सबसे बड़ा कारण रफ़्तार बताया जा रहा है। जी हां कुछ ऐसा ही हादसा बुधवार देर रात बिलारी थाना क्षेत्र में मुरादाबाद आगरा हाइवे पर हुआ। जिसमें एक कार तेज स्पीड के चलते अनियंत्रित होकर पलट गयी। जिसमें उसमें सवार तीन महिलाओं की मौत हो गयी। जबकि चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। सभी बिलारी में लगन समारोह से वापस लौट रहे थे उस वक्त ये हादसा हो गया।
लग्न समारोह में आये थे सभी
जानकारी के मुताबिक बिलारी थाना क्षेत्र के हर्ष नगर मोहल्लें में कल रात एक लगन समारोह अचानक हुए हादसे के बाद मातम में बदल गया। विशाल नाम के युवक की शादी हाथरस में रहने वाली युवती से तय हुई थी। कल युवती के परिजन अपने रिश्तेदारों के साथ विशाल के घर लगन समारोह के लिए आये थे। देर रात खाना खाने के बाद हाथरस से आये युवती के रिश्तेदार कार से घूमने निकल गए। स्विफ्ट डिजायर कार में सवार रिश्तेदारों के साथ युवक पक्ष की एक लड़की भी शामिल थी जो कार सवार रिश्तेदारों को रास्ता बता रही थी।
इस वजह से हुआ हादसा
गांधी चौक घूमने के बाद कार सवार सभी लोग हाथीपुर गांव के पास हाइवे पर निकल गए। इसी दौरान तेज रफ्तार होने के चलते कार अनियंत्रित हो गयी और सड़क पर पलटने के बाद पेड़ से जा टकराई। हादसे की जानकारी कार में सवार स्थानीय युवती नेहा ने अपने पिता को फोन कर दी और खुद भी कार के अंदर फंसे होने की बात बताई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कम्प मच गया और आनन-फानन में मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस और राहगीरों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला।
इनकी हो गयी मौत
हादसे में कार में सवार तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि कार चालक, एक महिला और घटना की सूचना देने वाली नेहा को जिला अस्पताल इलाज के लिए भिजवाया गया है। तीनों घायलों की गम्भीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है। हादसे में मृत तीनों महिलाएं हाथरस की रहने वाली है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे के बाद पीड़ित परिजन सदमे में है वहीं हाथरस से मृतक महिलाओं के परिजन और रिश्तेदार शव लेने आज दोपहर तक मुरादाबाद पहुंचेंगे। पुलिस के मुताबिक हादसे के पीछे कार का तेज रफ्तार में होना और चालक का कार से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।