डीजीपी डॉ भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में दो दिवसीय रीयूनियन कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने अकादमी में ट्रेनिंग ले चुके अधिकारीयों से मुलाकात और उनके अनुभव से रूबरू हुए।
मुरादाबाद: सूबे के पुलिस मुखिया डीजीपी ओ पी सिंह आज मुरादाबाद में थे। यहां उन्होंने मुरादाबाद पुलिस द्वारा महिलाओं को लेकर की गयी पहल में पुलिस लाइन स्थित नारी उत्थान केंद्र का उदघाटन किया व आईजी कार्यालय में वीडियो कांफ्रेंसिंग हाल का भी उदघाटन किया। इसके बाद डीजीपी डॉ भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में दो दिवसीय रीयूनियन कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने अकादमी में ट्रेनिंग ले चुके अधिकारीयों से मुलाकात और उनके अनुभव से रूबरू हुए। डीजीपी ने सभी अधिकारीयों को सम्मानित भी किया। वहीँ उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस भी की। जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस के एक साल की उपलब्धियां गिनवाई।
इतने अपराधी पकडे
डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि बीते एक साल में उत्तर प्रदेश पुलिस ने कानून व्यवस्था की बेहतरी के लिए कई कदम उठाये। जिसके सकारात्मक परिणाम आये हैं। उन्होंने बताया कि 1400 मुठभेड़ें हुईं,इनमें 5 हजार अपराधी पकडे गए। इस दौरान पुलिस के 370 जवान घायल भी हुए जबकि चार शहीद भी हुए। आज आलम ये है कि या तो अपराधी प्रदेश छोड़ रहे हैं या फिर जमानत रद्द करवाकर जेल जा रहे हैं।
साइबर अपराध रोकने पर जोर
डीजीपी ने कहा कि मौजूदा दौर में साइबर क्राइम सबसे बड़ी चुनौती है। इससे निपटने के लिए लखनऊ और नॉएडा में साइबर थाने भी बनाये गए हैं। लेकिन अभी भी साइबर क्राइम के 3000 मामले लंबित हैं। इस पर और तेजी से काम होगा। इसके लिए हम साइबर लैब बनाना चाहते हैं,जैसे ही सरकार से फण्ड मिलेगा इस पर तेजी से काम होगा।
पुलिस आधुनिकीकरण में आई तेजी
वहीँ उन्होंने पुलिस आधुनिकीकरण पर बात करते हुए कहा कि इस समय हमारा फोकस पुलिस ट्रेनिंग पर है। पुलिस की हर शाखा को ट्रेनिंग दी जा रही है। महिला अपराधों पर त्वरित गति से पुलिस एक्शन ले रही है। यूपी 100 का रेस्पोंसे टाइम भी पिछले एक साल में सुधरा है जो 23 मिनट से 14 मिनट तक पहुंच गया है।
थानों में होंगे तीन एस एच ओ
पुलिस में अब थानों में अब तीन एस एच ओ को लेकर प्रयोग शुरू किया गया है। जिसे 6 महीने तक परखा जाएगा। इसमें सभी अलग अलग भूमिका में काम करेंगे। इसमें प्रशासनिक, कानून व्यवस्था और जांच शामिल है। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद में डायल एफ आई आर का प्रयोग चल रहा है। अगर ये सफल रहता है तो सभी जनपदों में इसे लागु किया जायेगा।
एक लाख होगी भर्ती
इसके साथ ही बताया कि प्रदेश पुलिस में एक लाख भर्ती होने जा रही है। इसमें 35 हजार सिपाहियों की ट्रेनिंग 23 जुलाई से शुरू हो जाएगी,जबकि जनवरी फरवरी 2019 तक 40 से 45 हजार और भर्ती प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
पुलिस कर्मियों से ये दो अपेक्षाएं
उन्होंने कहा कि उन्होंने सभी जनपदों के पुलिस कर्मियों अधिकारीयों से दो अपेक्षाएं की हैं। एक जनता से मृदु व्यवहार और इमानदारी से काम। अगर ये दोनों सही है तो लोगों का पुलिस पर और विशवास बढेगा।
बनेगी विश्व स्तरीय फोरेंसिक लैब
पुलिस को जांच में और संसाधन व तेजी के लिए विश्वस्तरीय फोरेंसिक लैब की स्थापना को लेकर कहा कि इसके लिए 45 करोड़ की स्कीम तैयार की गयी है। डी एन ए मशीन खरीदी गयी है। जिसे वाराणसी में लगाया गया है। अब यूपी पुलिस फोरेंसिक डाटा बैंक बनायेगी। ताकि अपराधियों का हर तरह का रिकॉर्ड पुलिस के पास रहेगा और कम समय में मिल सकेगा। डीजीपी ओपी सिंह ने डॉ भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी परिसर में पौधा रोपण भी किया।