मुंबई

एक बार निकाली गई, फिर डंकी रूट से घुसी… मुंबई के पॉश इलाके से बिलकिस बेगम गिरफ्तार

बांग्लादेशी महिला (Bangladeshi Infiltrator) के पास भारत में रहने के लिए कोई भी वैध यात्रा या इमिग्रेशन दस्तावेज नहीं मिले है। उसकी पहचान बिलकिस बेगम (30) के तौर पर हुई है।

2 min read
Jan 14, 2026
मुंबई में घुसपैठिया बिलकिस बेगम गिरफ्तार (Photo: IANS/File)

मुंबई में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए पुलिस और महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने एक 30 वर्षीय बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई के पॉश इलाके कफ परेड में अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी महिला को छापा मारकर पकड़ा गया है। उसकी पहचान बिलकिस बेगम सिरमिया अख्तर के रूप में हुई है। उसके पास भारत में रहने के लिए कोई भी वैध यात्रा या इमिग्रेशन दस्तावेज नहीं है।

पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बिलकिस बेगम को पहले भी भारत से निकाला (Deport) जा चुका था, लेकिन वह फिर से अवैध रास्ते से सीमा पार कर मुंबई आ गई। 

ये भी पढ़ें

मुंबई में 20 से ज्यादा घर, 300 अनुयायी… बांग्लादेशी ‘गुरु मां’ का 30 साल बाद काला साम्राज्य ध्वस्त!

खुफिया सूचना सर्च ऑपरेशन चलाया

अधिकारियों को एक गुप्त सूचना मिली थी कि कफ परेड इलाके में एक विदेशी नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के छिपा हुआ है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए एटीएस और कफ परेड पुलिस की एक संयुक्त टीम ने इलाके में छापेमारी की। पुलिस ने संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया और एक मुखबिर के जरिए उसकी पहचान की पुष्टि की।

पूछताछ में खुला राज, 2025 में हुई थी डिपोर्ट

शुरुआत में बिलकिस बेगम ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और सवालों के गोलमोल जवाब दिए। हालांकि, जब एटीएस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उसने कबूल किया कि वह एक बांग्लादेशी नागरिक है। उसे अगस्त 2025 में क्राइम ब्रांच ने अवैध रूप से रहने के जुर्म में भारत से डिपोर्ट किया था। वापस भेजे जाने के कुछ समय बाद ही वह फिर से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारत में घुस आई। वह पिछले कुछ समय से कफ परेड में एक किराए का कमरा लेकर रह रही थी।

तलाशी के दौरान पुलिस ने महिला के पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया है। इस फोन में उसका बांग्लादेशी नेशनल आईडी नंबर और उससे जुड़ी डिजिटल तस्वीरें मिली हैं, जिन्हें पुलिस ने अहम सबूत के तौर पर सुरक्षित कर लिया है।

कफ परेड पुलिस ने आरोपी बिलकिस बेगम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और विदेशी अधिनियम (Foreigners Act) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।

क्या कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है?

फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि डिपोर्ट किए जाने के बाद बिलकिस बेगम भारत में दोबारा कैसे दाखिल हुई और कौन लोग मामले में शामिल हैं। जांच एजेंसियां इस एंगल से भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या मुंबई में कोई ऐसा अवैध नेटवर्क काम कर रहा है जो घुसपैठियों को फर्जी दस्तावेज या किराए पर घर दिलाने में मदद करता है?

Updated on:
14 Jan 2026 01:25 pm
Published on:
14 Jan 2026 01:23 pm
Also Read
View All

अगली खबर