
मध्य रेलवे (Central Railway) के महाप्रबंधक विजय कुमार (GM Vijay Kumar Passed Away) का मंगलवार तड़के मुंबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 56 वर्ष के थे। जानकारी के मुताबिक, विजय कुमार सुबह जब नहीं उठे तो उन्हें कार्डियक अरेस्ट आने का पता चला। परिजनों और सहयोगियों ने तुरंत उन्हें दक्षिण मुंबई के जसलोक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
विजय कुमार ने इसी साल 1 अक्टूबर को मध्य रेलवे के महाप्रबंधक पद का कार्यभार संभाला था। महज कुछ ही महीनों में उन्होंने रेलवे प्रशासन में कार्यकुशलता और नेतृत्व का परिचय दिया था। उनके अचानक निधन से पूरे रेलवे परिवार में गहरा शोक छा गया है। सहकर्मी और अधिकारी उन्हें एक सक्षम प्रशासक, विनम्र व्यक्तित्व और प्रेरणादायी लीडर के तौर पर याद कर रहे हैं।
विजय कुमार 1988 बैच के इंडियन रेलवे सर्विस ऑफ मेकैनिकल इंजीनियर्स (IRSME) अधिकारी थे। उन्होंने अपने 35 वर्षों से अधिक के करियर में भारतीय रेलवे में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। उनके मार्गदर्शन में कई परियोजनाओं को नई गति मिली थी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने उत्तर-पश्चिम रेलवे, रेलवे बोर्ड, उत्तर रेलवे और अनुसंधान, डिजाइन एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) में बहुमूल्य योगदान दिया।
सेंट्रल रेलवे ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “हमारे प्रिय महाप्रबंधक विजय कुमार का आज सुबह निधन हो गया। मध्य रेलवे एक महान आत्मा, कुशल प्रशासक और प्रेरणादायक लीडर को खो चुका है, जिनका भारतीय रेलवे में योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। ॐ शांति।”
नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन (NRMU) ने मध्य रेलवे के जीएम विजय कुमार के असामयिक और दुखद निधन पर शोक व्यक्त किया है। एनआरएमयू ने बयान जारी कर कहा, विजय कुमार का 11 नवंबर 2025 को अपने आधिकारिक निवास पर नींद में ही हृदयगति रुक जाने से निधन हो गया।
एनआरएमयू ने कहा, विजय कुमार ने 1 अक्टूबर 2025 को मध्य रेल के महाप्रबंधक का पदभार संभाला था। इस छोटी अवधि में ही उन्होंने अपने विनम्र स्वभाव, आत्मीयता और रेल कर्मचारियों के कल्याण के प्रति सच्ची संवेदनशीलता के कारण एक अमिट छाप छोड़ी।