वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा, मैंने अपने जीवन में ऐसी चुनावी जीत कभी नहीं देखी, जहां एक पार्टी 150 सीटों पर चुनाव लड़े और 138 पर जीत हासिल करे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा आरोप लगाया है. खरगे ने ईवीएम से चुनाव के तरीके पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। गुजरात के अहमदाबाद में चल रहे कांग्रेस अधिवेशन में खरगे ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ा घोटाला हुआ है। मतदाता सूची में गड़बड़ी की गई, जिससे बीजेपी को फायदा मिल सके।
उन्होंने अहमदाबाद में पार्टी के अधिवेशन को संबोधित करते हुए मतपत्र से चुनाव कराए जाने की पैरवी की और यह आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल ने ऐसी तकनीक विकसित कर ली है जिससे चुनावों में उसे फायदा और विपक्ष को नुकसान हो रहा है। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, पिछले 11 वर्षों में सत्ताधारी दल संविधान पर लगातार चोट कर रहा है। हमारी संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार हमले हो रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि लोकतंत्र को धीरे धीरे खत्म किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पूरी दुनिया ईवीएम से मतपत्रों की ओर बढ़ रही है। लेकिन हमारे देश में ईवीएम का इस्तेमाल हो रहा है। यह सब धोखा है, इसका इस्तेमाल बंद होना चाहिए। भारत में भी चुनाव मतपत्रों से होने चाहिए। सत्तापक्ष ने ऐसी तकनीक बना ली है जिससे उसे फायदा और विपक्ष को नुकसान हो। अगर ऐसा ही रहा तो नौजवान उठेंगे और आपका हाथ पकड़कर कहेंगे कि ईवीएम नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने मतदाता सूची में कथित हेरफेर का हवाला देते हुए दावा किया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में जैसी जालसाजी हुई, वैसी कभी नहीं हुई। महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के कुछ महीने बाद हुए विधानसभा चुनाव में अचानक 50 लाख मतदाता कैसे बढ़ गए? ये कैसा लोकतंत्र है, कैसे चुनाव आयोग काम कर रहा है, सब फर्जी बनाकर जीत गए, महाराष्ट्र का चुनाव फ्रॉड है, लोकतंत्र पर अघात है.
मल्लिकार्जुन खरगे ने आगे कहा, “मैंने अपने जीवन में ऐसी कोई चुनावी जीत नहीं देखी जहां कोई पार्टी 150 सीटों पर चुनाव लड़े और 138 पर जीत दर्ज करे। 90% सफलता दर? ये कैसे संभव है?” उन्होंने कहा कि वे खुद 12-13 चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन ऐसा परिणाम पहले कभी नहीं देखा। हमें इसके खिलाफ लड़ना होगा।