मुंबई

Pune: हाई प्रोफाइल रेव पार्टी से शरद गुट के नेता का पति गिरफ्तार, दो महिलाएं नशे की हालत में मिलीं

Eknath Khadse Pune Rave Party News : छापेमारी के दौरान गांजा, शराब और हुक्का जैसे नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। पुणे पुलिस को स्टूडियो अपार्टमेंट में रेव पार्टी होने की सूचना मिली थी।
2 min read
• •
Updated: 27 Jul 2025, 5:01 PM IST
NCP Sharad Pawar leader Eknath Khadse son-in-law arrested rave party
एनसीपी (शरद पवार) नेता एकनाथ खडसे के दामाद गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पुणे शहर के खराडी इलाके में शनिवार की आधी रात उस समय हड़कंप मच गया जब क्राइम ब्रांच की टीम ने एक फ्लैट में चल रही रेव पार्टी पर छापा मारा। इस छापेमारी में पांच पुरुष और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में एक नाम सबसे ज्यादा सुर्खियों में है और वह है डॉ. प्रांजल खेवलकर का, जो एनसीपी (शरद पवार गुट) के वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे के दामाद हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की। आरोप है कि इस पार्टी में कोकीन और गांजा जैसे नशीले पदार्थों का सेवन आरोपी कर रहे थे। छापेमारी के दौरान मौके से संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई है, जिसकी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कारोबारी प्रांजल खेवलकर का पुणे के ससून अस्पताल में मेडिकल करवाया और फिर हडपसर स्थित घर पर भी तलाशी अभियान चलाया। जहां से कई चीजें जब्त करने की जानकारियां सामने आई हैं।

41 लाख रुपये और 2.7 ग्राम कोकीन जब्त

आरोपियों के पास से 41 लाख रुपये जब्त किए गए हैं। 2.7 ग्राम कोकीन और 70 ग्राम मारिजुआना (गांजा) भी बरामद किया है। खराडी पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए कुछ अन्य आरोपी भी रसूखदार परिवार से ताल्लुक रखते है।

होटल बुकिंग भी प्रांजल के नाम

शुरुआती जांच में पता चला है कि जिस फ्लैट में कथित रेव पार्टी का आयोजन किया गया था, उसकी बुकिंग भी प्रांजल खेवलकर के नाम पर ही की गई थी। इससे उनकी भूमिका और भी संदिग्ध मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मेडिकल जांच के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि पुणे के एक स्टूडियो अपार्टमेंट में गुप्त सूचना के आधार पर रविवार तड़के छापा मारकर मादक पदार्थ, हुक्का और शराब जब्त किया गया। मौके से सात आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया था। जिनमें पांच पुरुष और दो महिलाएं थीं।

कौन हैं प्रांजल खेवलकर?

डॉ. प्रांजल खेवलकर राजनीति से सीधे तौर पर जुड़े नहीं हैं, लेकिन उनकी पत्नी का परिवार राजनीतिक रूप से बेहद प्रभावशाली रहा है। प्रांजल राष्ट्रवादी महिला कांग्रेस (शरद गुट) की प्रदेश अध्यक्ष रोहिणी खडसे के दूसरे पति हैं। रोहिणी खडसे ने पहले पति से तलाक लेने के बाद अपने बचपन के दोस्त प्रांजल से शादी की थी।

प्रांजल का जमीन की खरीद-फरोख्त, रियल एस्टेट, इवेंट मैनेजमेंट, ट्रैवल, शुगर और एनर्जी सेक्टर में व्यवसाय है। इस घटना के बाद महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में हलचल मच गई है। फिलहाल रोहिणी खडसे की ओर से इस पर प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

Updated on:
27 Jul 2025, 5:01 PM IST
Published on: