मुंबई

‘पापा, आप मुझे छोड़कर कैसे जा सकते हो…’, मौसी ने बताया क्या चाहता था कुनाल, संभाजीनगर घटना की इनसाइड स्टोरी

Kunal Chandgude News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से सामने आए तिहरे मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। कुनाल चांदगुडे की मौसी ने दावा किया कि पारिवारिक तनाव और पिता का घर छोड़कर चले जाना इस दुखद घटना के मुख्य कारण हो सकते हैं।
3 min read
Aug 26, 2026
Kunal Chandgude family News
कुनाल चांदगुडे प्रकरण में मौसी ने किया नया खुलासा (Photo: X/@Olao3w)

महाराष्ट्र के छत्रपती संभाजीनगर के कुनाल चांदगुडे (19) और उसके माता-पिता की मौत के मामले में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। शुरुआत में इस घटना को आईफोन (iPhone) खरीदने की जिद्द से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन इसके बाद जो खुलासे हुए उसने सभी को झकझोर दिया। इसी बीच अब कुनाल की मौसी कल्याणी बरडे के बयान से मामले में पारिवारिक तनाव, माता-पिता के बीच दूरी और बढ़ते गलतफहमियों का पहलू भी सामने आया है। उन्होंने दावा किया कि कुनाल मासूम था, वह सिर्फ अपने माता-पिता मुरलीधर चांदगुडे व संगीता चांदगुडे में सुलह करवाना चाहता था।

कल्याणी बरडे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कुनाल के परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि केवल आईफोन खरीदना कोई बड़ा आर्थिक संकट बन जाए। उनके मुताबिक, कुनाल के पिता ड्राइवर का काम करते थे, लेकिन परिवार के पास अच्छी जमीन थी और उससे आमदनी भी होती थी। कुनाल को पढ़ाई और क्लास के लिए फोन की जरूरत थी, इसलिए उसे फोन दिलाया गया था। यहां तक की उनकी बहन संगीता के पास खुद आईफोन था, इसलिए आईफोन कोई बड़ी बात नहीं थी।

इससे पहले मृतक मुरलीधर के 75 वर्षीय पिता दामोदरराव ने बताया था कि उन्होंने अपनी चार एकड़ जमीन बेटे मुरलीधर के नाम कर दी, जबकि तीन बेटियों को जमीन का एक टुकड़ा तक नहीं दिया। उन्होंने कहा कि बेटे, बहू और पोते को एक साथ खोने के बाद उनका पूरा परिवार बिखर गया है। अब उनके वंश को आगे बढ़ाने वाला कोई नहीं बचा है। इस दौरान उनके आंसू छलक पड़े।

कुनाल की मौसी ने बताई पूरी बात

कल्याणी बरडे के मुताबिक, कुनाल को आईफोन खरीदकर देने में परिवार सक्षम था। इसलिए आईफोन को इस पूरे मामले की वजह मानना सही नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि कुनाल की मां संगीता अपने ससुराल पक्ष से नाराज थीं। उनके अनुसार, कुनाल के पिता घर छोड़कर चले गए थे और लंबे समय तक वापस नहीं आए, जिससे संगीता काफी परेशान थीं।

उन्होंने कहा कि परिवार में बातचीत कम होती चली गई और गलतफहमियां बढ़ती गईं। करीब 22 से 23 साल के वैवाहिक जीवन में संगीता को अपनी पसंद-नापसंद और नाराजगी जाहिर करने का पूरा अधिकार था। जब परिवार में तनातनी बढ़ी और बातचीत कम होती गई तो संगीता ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी बात रखने की कोशिश की।

संगीता की बहन कल्याणी ने जमीन से जुड़े विवाद का भी जिक्र किया। हालांकि, उन्होंने इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि इस मामले पर उनके माता-पिता और बड़ी बहन अधिक जानते हैं।

क्या पिता को घर वापस लाना चाहता था कुणाल?

कल्याणी बरडे ने कुनाल और उसके पिता के बीच हुई एक बातचीत का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, घटना से कुछ दिन पहले कुनाल ने फोन पर अपने पिता से कहा था, “पापा, मुझे छोड़कर आप कैसे जा सकते हैं, आप मेरे पास वापस आइए।”

कल्याणी के मुताबिक, कुनाल अपने पिता को वापस घर लाना चाहता था। हालांकि, उसके पिता ने बातचीत के दौरान अपने माता-पिता और बहन का जिक्र किया। लेकिन कम उम्र होने के कारण कुनाल शायद परिवार की पूरी परिस्थितियों को समझ नहीं पा रहा था।

कल्याणी ने यह भी बताया कि उन्होंने कुनाल से इस बारे में बात की थी और उसे समझाया था कि जिंदगी में इस तरह की परिस्थितियां आती रहती हैं। लेकिन वह सिर्फ अपने माता-पिता को साथ देखना चाहता था कुनाल

घटना वाले दिन आया था कुनाल का फोन

कल्याणी बरडे के अनुसार, घटना वाले दिन कुनाल ने अचानक फोन किया और कहा, “मैं जा रहा हूं, मुझे माफ कर देना।” हालांकि, उनकी बातचीत से उन्हें उस समय यह अंदाजा नहीं हुआ कि कुनाल इतना बड़ा कदम उठाने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि परिवार में पैसों की कमी नहीं थी और कुनाल की मां उससे बेहद प्यार करती थीं। उनके पिता भी कुनाल से बहुत प्यार करते थे, भले ही वह कुछ समय से उसके साथ नहीं रह रहे थे।

डॉक्टर बनना चाहता था कुनाल, शांत स्वभाव के थे पिता

संगीता के मायके वालों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच विवाद की मुख्य वजह संपत्ति से जुड़ा मामला और पारिवारिक तनाव था। उनका दावा है कि कुनाल अपने माता-पिता को फिर से एक साथ लाना चाहता था। पढ़ाई में भी कुनाल काफी होनहार था। उसने इसी साल सीबीएसई बोर्ड से 10वीं की परीक्षा में 82 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। कुनाल का सपना आगे चलकर डॉक्टर बनने का था।

वहीं, कुनाल के पिता मुरलीधर भी शांत स्वभाव के व्यक्ति बताए जा रहे हैं। उनके साथ काम करने वाले लोगों के अनुसार, मुरलीधर पिछले करीब 10 वर्षों से चौधरी ट्रांसपोर्ट में ड्राइवर के तौर पर काम कर रहे थे। सहकर्मियों का कहना है कि उनके खिलाफ कभी किसी तरह की शिकायत सामने नहीं आई।

कई सवालों के जवाब अब भी बाकी

कुनाल चांदगुडे प्रकरण में सामने आए ताजा बयानों ने मामले को एक नया पहलू दिया है। आईफोन को लेकर सामने आई शुरुआती चर्चा के साथ अब पारिवारिक तनाव, पिता के घर से अलग रहने, आपसी संवाद की कमी और जमीन विवाद जैसे पहलुओं पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इन कारणों में से कौन-सा कारण वास्तव में घटना के पीछे था, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

Updated on:
26 Aug 2026 12:14 pm
Published on:
26 Aug 2026 12:01 pm