मुंबई

महाराष्ट्र में अगर आज विधानसभा चुनाव हुए तो किसकी बनेगी सरकार? कौन होगा CM? जानें कौन किसपर भारी

Maharashtra Assembly Election Survey: ताजा सर्वेक्षण में दावा किया गया है कि आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में राज्य की कुल 288 में से बीजेपी 123 से 129 सीटों पर जीत का परचम फहरा सकती है।

2 min read
Jun 20, 2023
महाराष्ट्र लोकसभा चुनाव पर आया चौंकाने वाला ओपिनियन पोल

Maharashtra Assembly Poll Survey Result: महाराष्ट्र में अगले साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। करीब चार साल पहले जब राज्य में विधानसभा चुनाव हुए थे, तब बीजेपी और शिवसेना (अविभाजित) के गठबंधन ने बहुमत हासिल करते हुए एनसीपी और कांग्रेस के सपनों को चकनाचूर कर दिया था। लेकिन चुनाव नतीजों के चंद दिन बाद ही बीजेपी-शिवसेना में मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए विवाद हो गया और दशकों पुरानी यह जोड़ी टूट गई। इसके बाद तो महाराष्ट्र की राजनीति में बहुत बड़ा टर्निंग पॉइंट आया। नए-नए सियासी समीकरण बने। यहां तक की धुर विरोधी साथ आ गए और महाविकास आघाडी (MVA) गठबंधन का उदय हुआ। जिसका सबसे बड़ा परिणाम बीते साल जून महीने में शिवसेना का दो धड़ों में बंटना है।

महाराष्ट्र के सभी राजनीतिक दल आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जोर-शोर से तैयारियां कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भी राजनीतिक दल तेजी से अपना खेमा मजबूत कर रहे हैं। इसी बीच महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने पर किस पार्टी की जीत होगी और महाराष्ट्र की सियासी तस्वीर क्या बनेगी? इसे लेकर एक नया सर्वे सामने आया है। यह भी पढ़े-महाराष्ट्र: CM पद के लिए पहली पसंद शिंदे, दूसरे नंबर पर फडणवीस? सर्वे पर BJP ने कही बड़ी बात


बीजेपी के आगे सब फेल!

एक निजी एजेंसी द्वारा किए गए एक ताजा सर्वेक्षण में दावा किया गया है कि आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में राज्य की कुल 288 में से बीजेपी 123 से 129 सीटों पर जीत का परचम फहरा सकती है। अगर ऐसा हुआ तो यह बीजेपी का अब तक सबसे बेहतरीन प्रदर्शन होगा।

शिंदे नहीं होंगे CM पद की पहली पसंद

'न्यूज एरिना इंडिया' के सर्वे के अनुसार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद के लिए देवेंद्र फडणवीस (35 प्रतिशत) पसंदीदा उम्मीदवार होंगे। इसके बाद सीएम पद की पसंद अशोक चव्हाण (21%), अजित पवार (14%), एकनाथ शिंदे (12%) और उद्धव ठाकरे (9%) होंगे।


उद्धव गुट पर शिंदे गुट भारी?

सर्वेक्षण के मुताबिक, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में बीजेपी 123 से 129 सीटें जीत सकती है। जबकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 25 सीटें, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) को 56 सीटें, कांग्रेस को 50 से 53 सीटें और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) को 17 से 19 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) समेत अन्य को 12 सीटें मिलने का अनुमान है।

किसकी बनेगी सरकार?

सर्वे में भविष्यवाणी कि गई है कि एकनाथ शिंदे की शिवसेना उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (यूबीटी) की तुलना में बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। बीजेपी के अपने मुख्यमंत्री होने की संभावना सबसे अधिक है। चूंकि सर्वे में बीजेपी गठबंधन आराम से बहुमत का आंकड़ा 145 सीटें हासिल करती दिखाई दे रहा है।


अधूरा रह जाएगा MVA का सरकार बनाने का सपना?

वहीं एनसीपी और कांग्रेस दोनों की सीटों की संख्या में मामूली इजाफा होगा, लेकिन बहुमत के करीब नहीं पहुंच सकेंगे। इसकी मुख्य वजह महाविकास आघाडी (MVA) गठबंधन में उद्धव ठाकरे गुट की कम सीटों पर सफल होना है। सर्वे में कहा गया है कि शिवसेना (UBT) कोंकण क्षेत्र के बाहर अधिक मजबूत नहीं हैं और इसलिए उसके खाते में ज्यादा सीटें नहीं आयेंगी।

कांग्रेस को होगा सबसे ज्यादा फायदा?

सर्वेक्षण में कहा गया है कि महाराष्ट्र के अनेक हिस्सों में मजबूत स्थानीय उम्मीदवारों के कारण बीजेपी लगभग 35 प्रतिशत सीटें आसानी से जीतेगी। इसके मुताबिक, कांग्रेस को एमवीए गठबंधन में होने का लाभ मिलेगा। यदि राज्य का विधानसभा चुनाव कांग्रेस अकेले लड़ती तो उसे सिर्फ 28 सीटों पर संतोष करना पड़ता।

Published on:
20 Jun 2023 09:30 pm
Also Read
View All