Maharashtra Rain Casualty: मुंबई से सटे ठाणे (Thane) जिले में जलाशयों में बाढ़ आने से दो लोग बह गए है और गढ़चिरौली में भी एक ही परिवार के पांच लोगों के पानी में बहने की खबर है। जबकि अमरावती में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो ग्रामीणों की मौत हुई है।
Maharashtra Rain Updates: महाराष्ट्र में भारी बारिश से कई जिलों में बाढ़ की स्थिती बन गई है। पूर्वी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली (Gadchiroli) जिले में मूसलाधार बारिश के कारण सौ से ज्यादा गांवों से संपर्क टूट गया है। जबकि आसना नदी में आई बाढ़ के चलते मराठवाड़ा के हिंगोली (Hingoli) और नांदेड़ (Nanded) जिलों में बारिश ने अपने साथ बाढ़ लाया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मुंबई से सटे ठाणे (Thane) जिले में जलाशयों में बाढ़ आने से दो लोग बह गए है और गढ़चिरौली में भी एक ही परिवार के पांच लोगों के पानी में बहने की खबर है। जबकि अमरावती में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो ग्रामीणों की मौत हुई है। यह भी पढ़े-Maharashtra Flood: आसमान से बरसी आफत! मराठवाड़ा और विदर्भ के 130 गांवों में आई बाढ़, आसना नदी उफान पर
गढ़चिरौली में दर्दनाक हादसा
महाराष्ट्र के पूर्वी विदर्भ में बारिश से प्रभावित गढ़चिरौली में शनिवार को एक ही परिवार के तीन सदस्य बाढ़ का शिकार बन गए। दरअसल जिस ट्रक में वे यात्रा कर रहे थे वह पेरिमिली नाले (Perimili Nullah) में बह गया। जबकि ट्रक के चालक और क्लीनर अभी भी लापता है। जिला कलेक्टर संजय मीणा ने गढ़चिरौली में राजस्व और प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है। मृतकों की पहचान सीताराम तलंडे, उनकी पत्नी सम्मी और उनके 13 वर्षीय बच्चे के रूप में हुई है। रविवार को सभी एक पेड़ में फंसे ट्रक में पाए गए, जिसे राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) ने तलाशी अभियान के दौरान खोजा था। पूरा परिवार कसमपल्ली से मोकेला गांव जा रहा था। हालांकि दुर्घटना की जानकारी देर शाम मिली थी, लेकिन बचाव कार्य आज सुबह ही शुरू हो सका।
ठाणे में नदी में दो बहे
ठाणे जिले के भिवंडी तालुका में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोग नदी में बह गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड दोनों की तलाश कर रही है। पहला हादसा गुरुवार रात में हुआ, जब 35 वर्षीय पिंट्या पंडरीनाथ जाधव एक उफनती नदी में मछली पकड़ने गए थे। फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने बताया कि अचानक जाधव नदी में गिर गये और बह गए। उनकी तलाश जारी है। जबकि दूसरी घटना में 19 वर्षीय युवक आसिफ अंसारी शुक्रवार को कमवारी नदी में तैरते समय बह गया। उसका भी अभी तक पता नहीं चल पाया है।
अमरावती में ग्रामीणों पर गिरी बिजली
अमरावती में खेत में काम कर रहे दो ग्रामीणों पर शुक्रवार दोपहर को आकाशीय बिजली गिर गई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को बताया कि किशोर भगवान पाटिल और अविनाश श्यामराव निंभोरकर माहुली पुलिस थानांतर्गत क्षेत्र में जामडोल के पास फसल पर कीटनाशक छिड़क रहे थे, इस दौरान उन पर बिजली गिरी। दोनों कराजगांव गांव के निवासी थे।