मुंबई

Maharashtra Ganeshotsav 2022: गणेश भक्तों के लिए खुशखबरी! 11 सितंबर तक कर सकेंगे ‘टोल फ्री’ सफर, बस करना होगा यह काम

Maharashtra Ganesh Chaturthi 2022 No Toll For Konkan: इस साल गणपति बप्पा का आगमन 31 अगस्त 2022 को हो रहा हैं, जबकि 9 सितंबर 2022 को अनंत चतुर्दशी के दिन दस दिवसीय गणपति का विसर्जन होगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग कोंकण और गोवा जाते हैं।

2 min read
Aug 26, 2022
Maharashtra Ganeshotsava Toll Exemption no Toll in Ganesh Chaturthi 2022
गणेश भक्तों को 11 सितंबर तक मिलेगी टोल से छूट

Maharashtra Ganeshotsava Toll Exemption: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गणेश भक्तों को बड़ी खुशखबरी दी है। इसके तहत गणेशोत्सव के दौरान कोंकण जाने वाले श्रद्धालुओं को टोल का भुगतान नहीं करना होगा। इसी के मद्देनजर महाराष्ट्र सरकार ने आज एक आदेश जारी किया है। जिसमें गणपति उत्सव के लिए कोंकण जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए टोल माफ करने का ऐलान किया गया है।

राज्य के गणेश भक्तों को इसके लिए अपने आरटीओ कार्यालय से 'टोल पास' लेना होगा। यह आदेश 27 अगस्त से लागू होगा। भक्त आरटीओ कार्यालय से प्राप्त 'टोल पास' दिखाकर कोंकण बिना किसी टोल को दिए जा सकते हैं। यह भी पढ़े-Maharashtra Fake University: नागपुर की राजा अरबी यूनिवर्सिटी फर्जी घोषित, यूजीसी ने छात्रों को किया अलर्ट

27 अगस्त से 11 सितंबर की अवधि के दौरान मुंबई-बैंगलोर राष्ट्रीय राजमार्ग, मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य लोक निर्माण विभागों की सड़कों पर टोल बूथों से गुजरने वाले गणेश भक्तों के वाहनों को टोल छूट दी गई है। लेकिन इसके लिए आरटीओ कार्यालय में 'टोल पास' लेना अनिवार्य है।

टोल छूट पाने के लिए भक्तों को गाड़ी के ऊपर "गणेशोत्सव 2022, कोंकण दर्शन" लिखा हुआ स्टिकर लगाना होगा, जिसमें वाहन संख्या, चालक का नाम उल्लिखित होगा। यह स्टिकर परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, संबंधित क्षेत्रीय परिवहन विभाग के समन्वय से पुलिस स्टेशनों, यातायात पुलिस चौकियों और आरटीओ कार्यालयों में उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही उक्त पास को वापसी यात्रा के लिए माना जाएगा।

गणेशोत्सव के दौरान पास सुविधा और इसकी उपलब्धता के बारे में जनता को सूचित करने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग को अधिसूचना का प्रचार-प्रसार करने के लिए कहा गया है। साथ ही इन निर्देशों को सभी संबंधित अधिकारियों के समक्ष लाने की बात कही गयी है। यह सरकारी आदेश महाराष्ट्र सरकार की वेबसाइट www.maharashtra.gov.in पर उपलब्ध है।

इस साल गणपति बप्पा का आगमन 31 अगस्त 2022 को हो रहा हैं, जबकि 9 सितंबर 2022 को अनंत चतुर्दशी के दिन दस दिवसीय गणपति का विसर्जन होगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग कोंकण और गोवा की यात्रा अपने निजी और यात्री वाहनों से करते हैं। अब इन गणेश भक्तों को अपने वाहन के दस्तावेज जमा करने के बाद टोल से छूट मिलेगी।

Published on:
26 Aug 2022 07:00 pm