शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि कल रात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का मुझे फोन आया। उन्होंने मेरा और मेरे परिवार का हालचाल पूछा। राहुल गांधी ने कहा कि हमें आपकी चिंता हो रही थी। संजय राउत ने कहा कि राहुल गांधी बहुत बदल गए हैं।
महाराष्ट्र में राजनीतिक माहौल गरमाई हैं। इस बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने कहा कि देश की राजनीति में जो कड़वाहट आ गई है उससे एकदम अलग 'भारत जोड़ो' यात्रा में व्यस्त रहने के बावजूद कल रात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का मुझे फोन आया था। उन्होंने मेरा और मेरे परिवार का हालचाल भी पूछा। राहुल गांधी ने कहा कि हमें आपकी चिंता हो रही थी। संजय राउत ने कहा कि एक राजनीतिक साथी को झूठे मामले में फंसाकर 110 दिनों तक जेल में प्रताड़ित किए जाने पर दुखी होना मानवीय है।
शिवसेना नेता संजय राउत ने आगे कहा कि राहुल गांधी बहुत बदल गए हैं और यही बदलाव का कारण है कि लोग अपनापन समझकर उनकी 'भारत जोड़ो' यात्रा में शामिल हो रहे हैं। संजय राउत ने कहा कि राजनीति में रहते हुए मेरा सभी पार्टी के नेताओं के साथ एक अलग रिश्ता है। बीजेपी में भी मेरे कई दोस्त रहे और मनसे में भी हैं, लेकिन जेल से आने के बाद कितने लोगों ने मुझसे बात की या हालचाल जाना? मुझे केवल कांग्रेस, एनसीपी और मेरी पार्टी के नेताओं ने फोन किया या मिल आए। सबसे बड़ा सवाल है कि आज की राजनीति इतनी नफरत भरी कैसे हो गई। इससे पहले तो ऐसा कभी नहीं हुआ। यह भी पढ़े: Maharashtra News: महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला, अब गोदावरी नदी के तट पर रोजाना होगी महाआरती
बता दें कि शिवसेना के सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के छत्रपति शिवाजी पर दिए विवादित बयान पर एक बार फिर कड़ी निंदा की हैं। राउत ने कहा राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने जो बात कही है वो निंदनीय है, इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए। राहुल गांधी के वीर सावरकर पर दिए बयान को लेकर संजय राउत ने कहा उनके बयान पर इतना बवाल हुआ, लेकिन राज्यपाल के मुद्दे पर सब क्यों चुप हैं? छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान यह महाराष्ट्र का अपमान है।
महाराष्ट्र में एक यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा था कि छत्रपति शिवाजी महाराज अब पुराने हीरो हो गए हैं। उनकी जगह पर शरद पवार और नितिन गडकरी को महाराष्ट्र का नया हीरो मान लेना चाहिए। भगत सिंह कोश्यारी ने कहा था कि मुझे ऐसा लगता है कि यदि कोई आपसे कहे कि आपका पसंदीदा हीरो कौन है? आपका फेवरेट आइकन कौन है? तो बाहर जाने की कोई आवश्यकता नहीं है। यहीं महाराष्ट्र में ही आपको मिल जाएंगे। शिवाजी महाराज तो पुराने युग की बात है, मैं नए युग की बात कर रहा हूं। यहीं मिल जाएंगे, डॉ आंबेडकर से लेकर नितिन गडकरी तक... ये नितिन गडकरी तो आपको यहीं मिल जाएंगे।