मुंबई

भाजपा के लिए शिंदे ने जिस नेता को पार्टी से निकाला, वही अब थामेगा कमल! ‘गढ़’ में हो गया डबल गेम

Eknath Shinde : कल्याण-डोंबिवली नगर निगम चुनाव (KDMC Election) से पहले महेश गायकवाड का भाजपा में शामिल होना शिंदे की शिवसेना के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है।

2 min read
Oct 01, 2025
Eknath Shinde Shiv Sena
शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का गढ़ माने जाने वाले ठाणे जिले के कल्याण पूर्व विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में बड़ा मोड़ आने वाला है। दरअसल शिवसेना के पूर्व नेता और पिछले साल सुर्खियों में रहे महेश गायकवाड़ अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की तैयारी में हैं।

महेश गायकवाड़ तब चर्चा में आए थे जब भाजपा के पूर्व विधायक गणपत गायकवाड़ ने पुलिस थाने में ही उन पर गोली चला दी थी। इस घटना ने पूरे राज्य में हलचल मचा दी थी। बाद में गणपत गायकवाड़ जेल गए और भाजपा ने उनकी पत्नी सुलभा गायकवाड़ को चुनाव मैदान में उतारा। इस फैसले का विरोध करते हुए महेश गायकवाड़ ने बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा। जिसके बाद शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया।

बताया जाता है कि गोलीकांड के दौरान गणपत गायकवाड़ कल्याण पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा विधायक थे, उनके जेल जाने के बाद महेश गायकवाड़ उसी सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे। लेकिन यह सीट भाजपा की झोली में आई तो शिवसेना नेता नाराज हो गए।

इस वजह से भाजपा में शामिल होने की लगी अटकलें

शिवसेना से निकाले जाने के बावजूद उन्होंने पिछले साल हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 55 हजार से ज्यादा वोट हासिल कर अपनी ताकत साबित की। महेश गायकवाड़ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि भाजपा की सुलभा गायकवाड़ 26,408 मतों से विजयी रहीं। उद्धव ठाकरे की शिवसेना (उबाठा) का प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहा।

विधानसभा चुनाव के करीब आठ महीने बाद जुलाई 2025 में एकनाथ शिंदे ने गायकवाड को वापस पार्टी में ले लिया। लेकिन अब चर्चा है कि महेश गायकवाड़ भाजपा में शामिल होंगे। भाजपा से उनकी नजदीकियां बढ़ रही हैं। यहां तक की कल्याण भाजपा के कई नेता भी उनके संपर्क में हैं। इस वजह से उनके भाजपा में प्रवेश की चर्चा तेज हो गई है।

शिंदे सेना को लग सकता है बड़ा झटका

हाल ही में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण महेश गायकवाड के घर गणेशोत्सव के दौरान पहुंचे थे। उनकी मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुईं, जिसके बाद से अटकलें और भी तेज हो गईं।

जानकारों का मानना है कि कल्याण-डोंबिवली नगर निगम चुनाव (KDMC Election) से पहले महेश गायकवाड का भाजपा में शामिल होना शिंदे की शिवसेना के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है। भाजपा की रणनीति साफ है कि 2029 के चुनाव में एंटी-इन्कंबेंसी से निपटने और नए चेहरों को आगे लाने के लिए अन्य दलों के प्रभावशाली नेताओं को साथ लाया जाए। ऐसे में महेश गायकवाड का प्रवेश भाजपा के लिए भविष्य की राजनीति में दोनों तरफ से फायदेमंद सौदा माना जा रहा है।

Published on:
01 Oct 2025 06:20 pm