
Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने विशेषकर कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों के लिए चेतावनी जारी की है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 नवंबर तक के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, राज्य के कई जिलों में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, कोंकण, पश्चिम महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। हालांकि, 5 नवंबर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं, मुंबई और पालघर में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ठाणे और रायगढ़ में 3 नवंबर को हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 4 से 7 नवंबर तक इन जिलों में बारिश नहीं होने का अनुमान है।
कोंकण क्षेत्र के रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। रत्नागिरी में 3 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 4 नवंबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारों का अनुमान है। इसके बाद मौसम साफ रहने के आसार है।
सिंधुदुर्ग में 3 नवंबर को कुछ स्थानों पर बिजली चमकने, गरज के साथ तूफान और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 4 नवंबर को भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। 5 नवंबर को हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 6 और 7 नवंबर को मौसम शुष्क रहेगा।
पश्चिम महाराष्ट्र के कुछ जिलों में भी मौसम बदल सकता है। पुणे, नासिक और अहिल्यानगर में अगले 24 घंटे के दौरान हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इसके बाद 4 से 7 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
सातारा और सांगली में 3 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 4 नवंबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारों की संभावना है। कोल्हापुर और घाट क्षेत्रों में 3 नवंबर को कुछ स्थानों पर बिजली गिरने, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 4 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश और 5 नवंबर को हल्की बारिश हो सकती है।
मराठवाड़ा क्षेत्र में छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, हिंगोली, नांदेड़, लातूर, बीड और धाराशिव में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
छत्रपति संभाजीनगर और जालना में 3 नवंबर को हल्की बारिश का अनुमान है। 4 नवंबर को गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। परभणी और हिंगोली में 3 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश और 4 नवंबर को हल्की बारिश की संभावना है।
नांदेड़ और लातूर में 3 नवंबर को बिजली चमकने, गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 4 नवंबर को भी हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। वहीं, बीड और धाराशिव में अगले 48 घंटे हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, विदर्भ के अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल में 7 नवंबर तक मौसम सामान्य रहेगा और कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।