
राज ठाकरे का पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना, फोटो सोर्स- ANI
Raj Thackeray on PM Modi: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा है। मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने हाल ही में हुए विधान परिषद चुनावों के नतीजों पर पीएम मोदी की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सवाल उठाए। ठाकरे ने कहा कि देश के पहले के किसी प्रधानमंत्री ने विधान परिषद के स्थानीय चुनावों के नतीजों पर इस तरह प्रतिक्रिया नहीं दी।
दरअसल, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार और कर्नाटक की 28 विधान परिषद सीटों के चुनावी नतीजों के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एक पोस्ट साझा की थी। इसमें उन्होंने कांग्रेस को मिली सीटों को लेकर सवाल किया था। राज ठाकरे ने इसी पोस्ट पर आपत्ति जताते हुए कहा कि विधान परिषद की कुछ सीटों के चुनाव और उनके नतीजों पर प्रधानमंत्री का तुरंत प्रतिक्रिया देना हैरान करने वाला है।
बता दें कि राज ठाकरे ने कहा कि देश में अब तक कई प्रधानमंत्री हुए हैं, लेकिन उन्हें याद नहीं कि किसी ने विधान परिषद के चुनाव परिणामों पर इस तरह की टिप्पणी की हो। उन्होंने कहा कि अगर उस दौर में सोशल मीडिया नहीं भी था, तब भी अखबारों में इस तरह की प्रतिक्रिया देखने को नहीं मिलती थी। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने इन नतीजों पर इस तरह पोस्ट क्यों की? ठाकरे के मुताबिक, इसकी वजह यह है कि बीजेपी अब तक विपक्षी दल की भूमिका से बाहर नहीं निकल पाई है।
राज ठाकरे ने बीजेपी और कांग्रेस दोनों की कार्यशैली पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सत्ता में आना या सत्ता में बने रहना ही काफी नहीं है, बल्कि सत्ता की सोच व्यक्ति के शरीर और मन में भी दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बीजेपी अभी तक विपक्ष की मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाई है, जबकि कांग्रेस को भी अब तक यह समझ नहीं आया है कि एक विपक्षी दल की भूमिका किस तरह निभाई जानी चाहिए। हालांकि, ठाकरे ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में कांग्रेस इस भूमिका को समझने लगी है।
Updated on:
3 Nov 2026, 6:49 PM IST
Published on:
3 Nov 2026, 6:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.