मुंबई

Maharashtra Election: सीट बंटवारे पर महाविकास आघाडी में रार! संजय राउत बोले- महाराष्ट्र के नेता फैसले लेने में सक्षम नहीं

MVA seat sharing : विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी (एमवीए) में कम से कम 20 से 25 सीटों पर फैसला नहीं हो पा रहा है।
2 min read
• •
Updated: 18 Oct 2024, 10:04 PM IST
maharashtra_mva.jpg
महाराष्ट्र में विपक्ष की सीट शेयरिंग पर अटकी बात

Maharashtra Assembly Elections 2024 : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है, लेकिन अभी तक विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी (MVA) में सीटों के बंटवारें पर फैसला नहीं हो सका है। खबर है कि तीनों पार्टियों के बीच 250 सीटों पर सहमति बन गई है। लेकिन करीब 25 सीटों पर पेंच फंस गया है। महाविकास अघाड़ी (एमवीए) के नेताओं ने सीट बंटवारे पर शुक्रवार को भी मंथन की। एमवीए में एनसीपी (शरदचंद्र पवार), कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) शामिल हैं।

शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने सीट बंटवारे पर बड़ी बात कही. राज्यसभा सांसद राउत ने कहा, "...मैं राहुल गांधी से बात करूंगा और सीट बंटवारे को लेकर लंबित फैसले में तेजी लाई जाएगी। कई सीटों पर फैसले हो चुके हैं। कुछ सीटें ऐसी हैं, जिन पर फैसला नहीं हो पा रहा है। कांग्रेस, एनसीपी (एसपी) और शिवसेना (UBT) गठबंधन में हैं, समाजवादी पार्टी, शेकाप भी हमारे साथ हैं।“

महाराष्ट्र की कांग्रेस इकाई पर निशाना साधते हुए उद्धव गुट के नेता संजय राउत ने कहा, “महाराष्ट्र के ज्यादातर नेता फैसले लेने में सक्षम नहीं हैं। उन्हें बार-बार सूची दिल्ली भेजनी पड़ती है। अब वह समय निकल चुका है। हम चाहते हैं कि यह फैसला जल्द से जल्द हो। एनसीपी शरद पवार और शिवसेना (UBT) के बीच कोई बड़ा मतभेद नहीं है, कांग्रेस में भी नहीं है लेकिन कुछ सीटें ऐसी हैं, जिन पर तीनों पार्टियां दावा कर रही हैं... शिवसेना के साथ कोई अड़ियल रवैया नहीं अपना सकता, हम महाराष्ट्र में ज्यादा अनुभवी है... यहां नाना पटोले हमारे सहयोगी हैं, जो कुछ सीटों पर समस्या है, इसे सुलझा लिया जाएगा।“

इससे पहले एमवीए में शामिल कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने बताया कि अधिकांश सीटों पर सहमति बन गई है। लेकिन 20 से 25 ऐसी सीटें हैं जिनको लेकर एमवीए के घटक दलों के बीच प्रतिस्पर्धात्मक दावे किये गए हैं। उन्होंने कहा कि इन सीटों की लिस्ट समाधान के लिए प्रत्येक पार्टी के आलाकमान को भेजी जाएगी।

महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

Updated on:
18 Oct 2024, 10:04 PM IST
Published on: