मुंबई

लिम्का बुक रिकॉर्ड में नाम… नींव महज 4-5 फीट, मुंबई के 120 फीट के ‘खूनी होर्डिंग’ पर बड़ा खुलासा

Mumbai Hoarding Collapse : होर्डिंग के मलबे के नीचे से दो और शव निकाले गए है। उनकी पहचान 60 वर्षीय मनोज चंसोरिया और उनकी पत्नी अनीता चंसोरिया के तौर पर हुई है।
2 min read
May 16, 2024
Ghatkopar Hoarding Crash

Ghatkopar Hoarding Crash : मुंबई में सोमवार शाम को आई आंधी से घाटकोपर इलाके में लगा एक विशाल होर्डिंग जमींदोज हो गया। इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई और 75 लोग घायल हो गए। इस भयानक हादसे के बाद अधिकारियों की नींद खुली हैं। मुंबई और पड़ोसी जिलों में नियमों का उल्लंघन कर लगाए गए अवैध होर्डिंग्स पर कार्रवाई की जा रही है।

घाटकोपर इलाके में हुए होर्डिंग हादसे में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई हैं। पेट्रोल पंप पर जो होर्डिंग गिरा था वह 120 x 120 फीट का था। जबकि कथित तौर पर अनुमति सिर्फ 40 फीट के होर्डिंग की दी गई थी। खास बात ये है कि पूरे मुंबई शहर में यह सबसे बड़ी होर्डिंग थी। इसी वजह से इसका नाम 'लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड' में भी दर्ज था।

कमजोर नींव पर लगी थी विशाल होर्डिंग!

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 120 फीट लंबे होर्डिंग का पिलर महज 4-5 फीट की गहराई में था। इसलिए संभावना है कि कमजोर नींव के कारण होर्डिंग तेज हवा नहीं झेल सका और वाहनों से भरे पेट्रोल पंप पर गिर गया। मौसम विभाग (IMD) ने कहा कि घाटकोपर में जहां होर्डिंग दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वहां सोमवार शाम को हवा की गति 96 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई थी।

ब्लैक लिस्ट होने पर भी मिली अनुमति?

मुंबई के पंत नगर पुलिस स्टेशन में ईजीओ मीडिया कंपनी के मालिक भावेश भिंडे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। दुर्घटनाग्रस्त होर्डिंग्स को इसी कंपनी ने लगवाया था। भिंडे सोमवार रात से फरार है और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश कर रही है।

खबरों के मुताबिक, भिंडे की कंपनी को पहले मध्य रेलवे द्वारा ब्लैक लिस्ट किया गया था। लेकिन फिर भी कंपनी को विशाल होर्डिंग लगाने की अनुमति कैसे मिल गई। ये सवाल उठ रहे हैं। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि आरोपी भिंडे के संबंध शिवसेना (उद्धव ठाकरे) नेताओं से है। वह अपने राजनीतिक रसूख की बदौलत कई गैरकानूनी काम करता है।

हादसे के बाद प्रशासन जागा!

मुंबई शहर में रेलवे की जमीन से इतर 1025 छोटे-बड़े होर्डिंग हैं। बीएमसी ने सभी अवैध और 40x40 फुट के मंजूर आकार से बड़े होर्डिंग हटाने की कवायद शुरू कर दी है। साथ ही मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे को भी उनकी जमीनों पर से सभी अवैध होर्डिंग को तत्काल हटाने के लिए नोटिस भेजा हैं।

मुंबई के घाटकोपर के पंतनगर इलाके में ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के किनारे सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के कब्जे वाली जमीन पर लगा होर्डिंग सोमवार (13 मई) शाम लगभग 04:30 बजे तेज आंधी से उखड़ गया और पेट्रोल पंप पर गिर गया। सैकड़ों किलो वजनी होर्डिंग के नीचे कई वाहन दब गए। इसके चलते 16 लोगों की मौत हो गई और 75 लोग घायल हो गए। जबकि 60 से अधिक लोगों को बचाया गया।

Updated on:
16 May 2024 01:07 pm
Published on:
16 May 2024 01:03 pm