Mumbai Rain Alert : मौसम विभाग ने आज मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, पुणे (घाट क्षेत्रों में) और सतारा (घाट क्षेत्रों में) के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
मुंबई और उपनगरों में बारिश लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई के लिए रेड अलर्ट की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) क्षेत्र के सभी स्कूलों और सभी कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
मुंबई में लगातार और भारी बारिश के कारण मुंबई की लाइफ लाइन लोकल ट्रेन सेवा प्रभावित हुई। इसके अलावा छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन बाधित हो गया है। मुंबई आने-जाने वाली कई उड़ाने रद्द और डाइवर्ट कर दी गयीं। एयर इंडिया, इंडिगो और अन्य प्रमुख एयरलाइनों ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
यात्रियों की मानें तो पश्चिमी रेलवे और मध्य रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं 10-15 मिनट देरी से चली। जबकि मध्य रेलवे की कुछ लोकल ट्रेनें आधे घंटे लेट थी। जोरदार बारिश के कारण दृश्यता कम होने के कारण उपनगरीय ट्रेनों की गति भी कम कर दी गई।
मुंबई में गुरुवार को भारी बारिश के कारण दृश्यता बेहद कम होने से उड़ान परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। दृश्यता कम होने के बाद विमान संचालन को निलंबित कर दिया गया और रनवे सुबह 10.36 से 10.55 बजे तक बंद कर दिया गया।
आठ मिनट के लिए रनवे बंद होने से उड़ानों का पूरा शेड्यूल बिगड़ गया। एयर इंडिया ने एक्स पर ट्वीट कर अपने यात्रियों को भारी बारिश से उपजे हालत के बारे में सूचित किया और उन्हें पूरा किराया रिफंड देने की पेशकश की।
इंडिगो ने ट्वीट कर कहा कि भारी बारिश के कारण मुंबई में हवाई यातायात बाधित हो गया है। एयरलाइन ने यात्रियों से एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने के लिए कहा। स्पाइसजेट ने भी इसी तरह की एडवाइजरी यात्रियों के लिए जारी की।