मुंबई

44 साल बाद BMC में भाजपा राज: रितु तावड़े ने संभाला मेयर पद, फडणवीस बोले- बालासाहेब जैसा चाहते थे वैसे काम करेंगे

Mumbai Mayor: रितु तावडे के महापौर बनने के साथ ही भाजपा ने 44 वर्षों के बाद बीएमसी में मेयर पद पर कब्जा किया है। इसके साथ ही बीएमसी में ठाकरे परिवार का वर्चस्व भी समाप्त हो गया है।

3 min read
Feb 11, 2026
सीएम फडणवीस, मेयर रितु तावडे और उप-मेयर संजय घाडी (Patrika Photo)

देश के सबसे अमीर नगर निकाय मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को लंबे इंतजार के बाद आज नई मेयर (महापौर) मिल गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पार्षद रितु तावडे (Ritu Tawde) बुधवार को मुंबई की 78वीं महापौर निर्वाचित हुईं, जबकि शिवसेना के संजय घाडी उपमहापौर चुने गए। दोनों का चयन बीएमसी की विशेष आम सभा में निर्विरोध हुआ।

बीएमसी मुख्यालय में चुनाव प्रक्रिया पूरी होते ही सत्ता और विपक्ष के पार्षदों के बीच जोरदार नारेबाजी देखने को मिली। इसी माहौल में रितु तावडे ने आधिकारिक रूप से बीएमसी मेयर का पद संभाला। समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने नव-निर्वाचित महापौर और उपमहापौर को शुभकामनाएं दीं।

ये भी पढ़ें

भाजपा के खिलाफ शिंदे सेना और NCP की मोर्चाबंदी, क्या सतारा में नहीं खिलेगा कमल?

44 साल बाद भाजपा की वापसी

रितु तावडे के महापौर बनने के साथ ही भाजपा ने 44 वर्षों के बाद बीएमसी में मेयर पद पर कब्जा किया है। वह मुंबई में भाजपा की अब तक की दूसरी महापौर हैं। यह जीत पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से अहम मानी जा रही है।

15 जनवरी को हुए मुंबई महानगरपालिका के चुनाव में तावडे मुंबई के वार्ड 132 से और संजय घाडी वार्ड 5 से पार्षद निर्वाचित हुए थे। पिछले तीन वर्षों से बीएमसी चुनाव लंबित होने के कारण बीएमसी आयुक्त भूषण गगराणी मार्च 2022 से नगर निकाय का कामकाज संभाल रहे थे। अब निर्वाचित नेतृत्व के साथ मुंबई नगर निगम (BMC) की कार्यप्रणाली में नई दिशा की उम्मीद जताई जा रही है।

फडणवीस बोले- बालासाहेब जैसा चाहते थे वैसा ही काम होगा

शपथ समारोह के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मीडिया से बातचीत करते हुए नई महापौर रितु तावडे को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महापौर, उपमहापौर और सभी पदाधिकारी मिलकर मुंबई महानगरपालिका को नई दिशा देंगे और आम मुंबईकरों के सपनों को पूरा करने का काम करेंगे।

फडणवीस ने कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि एक बार फिर मुंबई महानगरपालिका में शिवसेना-भाजपा गठबंधन के सदस्य महापौर और उपमहापौर पद पर आसीन हुए हैं। महापौर के रूप में रितु तावडे और उपमहापौर के रूप में संजय घाडी महायुति के मजबूत स्तंभ हैं। हमने मुंबई की जनता से लोकाभिमुख और पारदर्शी प्रशासन का वादा किया था और आज का यह शपथ ग्रहण उसी जनसमर्थन के अनुरूप है।

मुख्यमंत्री ने रितु तावडे को एक अनुभवी नेता और असली मराठी चेहरा बताया। उन्होंने कहा कि तावडे ने पहले भी मुंबईकरों के मुद्दों पर आक्रामक और स्पष्ट भूमिका निभाई है। महायुति सरकार ने मुंबई के विकास का जो कार्यक्रम शुरू किया है, उसे महानगरपालिका के माध्यम से और अधिक प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

फडणवीस ने यह भी कहा कि उपमहापौर के रूप में वरिष्ठ और अनुभवी शिवसैनिक संजय घाडी की भूमिका भी अहम रहेगी। उनके अनुभव का लाभ निश्चित रूप से प्रशासन को मिलेगा। उन्होंने कहा कि हिंदुहृदयसम्राट बालासाहेब की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर महानगरपालिका में वैसा ही प्रशासन देने का प्रयास किया जाएगा, जैसा वह चाहते थे। उन्होंने भरोसा जताया कि महापौर, उपमहापौर और सभी पार्षद (नगरसेवक) मिलकर नगर निकाय को मजबूत नेतृत्व देंगे और आम लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। महायुति सरकार पूरी ताकत से उनके साथ खड़ी रहेगी।

बीएमसी में किसके कितने पार्षद?

हाल में हुए 227 वार्ड के चुनाव में भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। शिवसेना शिंदे गुट को 29 सीटें मिलीं। सत्तारूढ़ गठबंधन के कुल पार्षदों की संख्या 118 रही, जो बहुमत के 114 के आंकड़े से अधिक है। वहीं, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) को 65 सीटें मिलीं। उसकी सहयोगी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) को 6 सीट हासिल हुई। वंचित बहुजन अघाड़ी (VBA) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस को 24 सीटें मिलीं। वहीं ओवैसी की एआईएमआईएम ने 8, अजित पवार की एनसीपी को 3, समाजवादी पार्टी (सपा) को दो और एनसीपी (शरद पवार गुट) को एक सीट पर जीत मिली।

Updated on:
11 Feb 2026 04:48 pm
Published on:
11 Feb 2026 04:45 pm
Also Read
View All

अगली खबर