4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kubbra Sait Exclusive Interview: ‘बिग बॉस’ ठुकराने से लेकर ‘संकल्प’ तक, कुब्रा सैत ने रखी बेबाक राय

Kubbra Sait Exclusive Interview: कुब्रा सैत ने वेब सीरीज ‘संकल्प’ में एक निडर महिला पुलिस ऑफिसर का दमदार किरदार निभाया है। नाना पाटेकर के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए उनके अभिनय को खूब सराहना मिल रही है। राजस्थान पत्रिका से खास बातचीत में कुब्रा ने अपने रोल और 'संकल्प' सीरीज के अपने अनुभव सहित कई मुद्दों पर बात की।

3 min read
Google source verification

मुंबई

image

Rashi Sharma

Apr 04, 2026

Kubbra Sait Exclusive Interview

संकल्प फेम एक्ट्रेस कुब्रा सैत ने ट्रोलर्स के लिए दिया खास मेसेज। (फोटो सोर्स: kubbrasait)

Kubbra Sait Exclusive Interview: कुब्रा सैत भारतीय फिल्म और वेब सीरीज की एक जानी-मानी अभिनेत्री हैं। उन्होंने अपनी अलग पहचान मेहनत और दमदार अभिनय से बनाई है। कुब्रा ने खासतौर पर वेब सीरीज ‘सेक्रेड गेम्स’ में कुकू के किरदार से लोगों का दिल जीता। इसके अलावा वह एंकर और मॉडल के रूप में भी काम कर चुकी हैं। उनकी सादगी, आत्मविश्वास और अलग तरह के रोल चुनने की वजह से वह आज की नई पीढ़ी की पसंदीदा कलाकारों में गिनी जाती हैं।

11 मार्च, 2026 को कुब्रा सैत की वेबसीरीज 'संकल्प' रिलीज हुई है, जिसमें एक्ट्रेस एक पुलिस ऑफिसर के किरदार में नजर आ रही हैं। संकल्प में उन्होंने दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के साथ स्क्रीन शेयर की है। प्राइम वीडियो पर आई 'संकल्प' को दर्शकों का बहुत प्यार मिल रहा है। खासतौर पर एक निडर और साहसी महिला पुलिस (परवीन शेख) के रोल में कुब्रा के जबरदस्त अभिनय को लोग पसंद कर रहे हैं। पत्रिका टीम ने बहुमुखी प्रतिभा की धनी और अपने बेबाक अंदाज के लिए पहचानी जाने वाली कुब्रा से खास बातचीत की। इस इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने कई मुद्दों पर बात की।

'संकल्प' सीरीज में एक पुलिस ऑफिसर का किरदार असल जिंदगी में आपके लिए क्या मायने रखता है? (Kubbra Sait Exclusive Interview)

इस सवाल के जवाब में कुब्रा कहती हैं कि हम जो भी किरदार निभाते हैं, उससे हमें दुनिया के बारे में तो पता चलता ही है, लेकिन एक तरह से हम अपनी निजी जिंदगी को भी समझने लगते हैं। उनका कहना है कि पावर की दुनिया ऐसी है जहां हर किसी के अंदर पावर में रहने की एक भूख होती है, एक हंगर होता है, और उसे हासिल करने के लिए लोग बहुत मेहनत करते हैं।

अगर आप आईएएस, आईपीएस या किसी भी सिविल सर्विस की बात करें, तो उसमें पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है, सिर्फ इसलिए कि आप पावर में आ सकें और एक दिन अपने नजरिए से दुनिया को बदल सकें।

इसके आगे उन्होंने कहा कि इस किरदार के जरिये मैंने ये समझा कि जब आप पावर में होते हैं, तो वही पावर आपको भी बदल सकती है। यह आपको खुद पर शक करने पर मजबूर कर सकती है, आपकी नैतिकता पर सवाल खड़े कर सकती है। और यही चीज मैंने अपने इस किरदार के जरिए अपनी निजी जिंदगी में भी सीखी।

नाना पाटेकर और प्रकाश झा के साथ काम करना आपके लिए कितना कैसा अनुभव रहा?

बहुत अच्छा अनुभव रहा। कुब्रा कहती हैं कि उन्हें नाना पाटेकर और प्रकाश झा के साथ काम करके बहुत मजा आया। उन्होंने बताया कि 'मैं प्यार से प्रकाश झा को ‘बाबा’ कहकर बुलाती हूं और वो बहुत शानदार इंसान हैं।'

इसके आगे उन्होंने बताया, संकल्प की शूटिंग के दौरान सेट का माहौल किसी गुरुकुल जैसा ही था, जहां सभी ने एक-दूसरे से बहुत कुछ सीखा और एक परिवार जैसा माहौल बन गया। नाना पाटेकर द्वारा निभाया गया ‘मात साहब’ का किरदार भी ऐसा था, जिसे सभी पिता से भी बढ़कर सम्मान देते थे। कुब्रा के मुताबिक, शूटिंग के दौरान और उसके बाद भी सबको वही अपनापन महसूस हुआ। नाना पाटेकर हमेशा सिखाने के लिए तैयार रहते थे, कभी किसी को छोटा महसूस नहीं कराते थे। अपने काम को लेकर उनकी लगन भी बेहद खास है, वो अपनी स्क्रिप्ट खुद हाथ से लिखते थे और उसमें पूरी तरह डूब जाते थे। इसके अलावा, सेट पर वो सबके लिए खाना बनाते और सभी को साथ बैठाकर खाने के लिए बुलाते थे। ये परिवार जैसा माहौल था, जो सेट्स पर कम ही देखने मिलता है।

ट्रोलर्स के लिए क्या मेसेज देना चाहेंगी कुब्रा सैत?

"मेरा मानना है कि हर इंसान का नजरिया अलग होता है, और जरूरी नहीं कि हम सब एक जैसा सोचें। इसलिए हमें अपने-अपने नजरिए के साथ जीना चाहिए। आप अपना देखिए, मैं अपना देखती हूं। मुझे लगता है कि किसी की जिंदगी में बेवजह दखल देने की जरूरत नहीं है। हर किसी की अपनी परेशानियां होती हैं, तो दूसरों की जिंदगी में घुसकर राय देने का क्या मतलब? हां, अगर कोई राय सच में मायने रखती है और उससे मुझे कुछ सीखने को मिलता है, तो मैं उसे जरूर मानती हूं। लेकिन बेवजह की ट्रोलिंग का कोई मतलब नहीं होता।"

रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' के बाद क्या आप बिग बॉस में जाना चाहेंगी?

इस सवाल पर कुब्रा सैत ने बड़ा ही सटीक जवाब देते हुए कहा, 'मेरे पास बिग बॉस का ऑफर आया था, लेकिन मैंने वो ऑफर ठुकरा दिया क्योंकि मैं अपनी जिंदगी में एक बार रियलिटी शो का अनुभव लेना चाहती थी, जो मुझे ‘राइज एंड फॉल’ के जरिए मिल चुका है। मेरा मानना है कि जिंदगी में हर चीज का एक बार अनुभव होना चाहिए। अब जब मैं वह अनुभव ले चुकी हूं, तो दोबारा वैसा ही कुछ करने की जरूरत नहीं लगती। इसलिए मैंने ‘बिग बॉस’ का ऑफर रिजेक्ट किया था और आगे भी इसे स्वीकार करने का मेरा कोई इरादा नहीं है।