मुंबई

खुशखबरी! 33 km लंबाई, 27 स्टेशन… मुंबई की पहली भूमिगत मेट्रो सेवा इस दिन होगी शुरू, जानें डिटेल्स

Mumbai Metro Update : मुंबई मेट्रो-3 एक्वा लाइन (Mumbai Metro Line-3) पर कुल 27 स्टेशन है, जिनमें से 26 स्टेशन भूमिगत है। इस प्रोजेक्ट पर करीब 37 हजार करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

2 min read
Sep 15, 2025
Mumbai Metro 3 Aqua Line (Photo: Patrika)

Mumbai Metro Line 3 Aqua Line Update: मुंबईवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद मुंबई मेट्रो-3 यानी एक्वा लाइन अब दशहरे के शुभ अवसर पर पूरी तरह से शुरू होने जा रही है। इस लाइन के आखिरी चरण की जांच सफल रही है, जिसके बाद इसकी शुरुआत को हरी झंडी मिल गई है। इसका मतलब यह है कि मुंबई के कोलाबा से आरे कॉलोनी तक का पूरा भूमिगत मेट्रो कॉरिडोर जल्द ही यात्रियों की सेवा में उपलब्ध होगा।

33.5 किलोमीटर लंबी यह लाइन मुंबई की पहली पूरी तरह भूमिगत मेट्रो है। अधिकारियों के मुताबिक इस मार्ग पर कुल 27 स्टेशन हैं, जिनमें से 26 स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे। आरे से वर्ली तक का लगभग 22.5 किलोमीटर का हिस्सा पहले से ही चालू है, जबकि अब कफ परेड से वर्ली तक का 11 किलोमीटर लंबा हिस्सा भी दशहरे के आसपास शुरू हो जाएगा। इस तरह कोलाबा से आरे कॉलोनी तक की यात्रा एक घंटे से कम समय में पूरी की जा सकेगी, जबकि सड़क से सफर करने पर अक्सर 2 से 3 घंटे लग जाते हैं।

ये भी पढ़ें

खुशखबरी! 5.3 km लंबाई, 5 स्टेशन… मुंबई में नई मेट्रो सेवा इसी महीने हो सकती है शुरू, जानें डिटेल्स

अधिकारियों का कहना है कि मुंबई मेट्रो-3 एक्वा लाइन का कोलाबा-बांद्रा-सीप्ज कॉरिडोर सितंबर के आखिर या अक्टूबर की शुरुआत में यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। दरअसल, मेट्रो-3 का काम दो चरणों में पूरा किया गया। पहला चरण आरे से बीकेसी तक था, जिसका उद्घाटन 7 अक्टूबर 2024 में पीएम मोदी ने किया। जबकि दूसरा चरण बीकेसी से वर्ली तक का था, जो 9 मई 2025 में शुरू हुआ। और अब तीसरे चरण में यह पूरी लाइन चालू हो जाएगी।

फिलहाल आरे से वर्ली तक का 22.46 किलोमीटर लंबा हिस्सा चालू है। वहीं, कफ परेड से वर्ली तक के आखिरी 10.99 किलोमीटर हिस्से का ट्रायल रन इस साल अप्रैल में किया गया था। अब यह भी शुरू हो रहा है।

करीब 37 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई मेट्रो-3 लाइन पर सफर करना लाखों मुंबईकरों के लिए बड़ा सहारा साबित होगा। बताया जा रहा है कि इस रूट पर ट्रेन हर 3 से 4 मिनट में उपलब्ध होगी और एक बार में लगभग 2,500 यात्री यात्रा कर सकेंगे।

यह लाइन न सिर्फ दक्षिण मुंबई को पश्चिमी उपनगरों से जोड़ेगी, बल्कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों तक पहुंचना भी बेहद आसान हो जाएगा। कई प्रमुख धार्मिक स्थल, अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, पर्यटन स्थल सब के करीब से यह गुजरेगा। कोलाबा, वर्ली, दादर, बीकेसी, सांताक्रूज़ और सीएसएमटी जैसे प्रमुख इलाकों को जोड़ने वाली यह लाइन शहर के यातायात दबाव को काफी हद तक कम करने में मदद करेगी।

ये होगा पूरा रूट-

ये स्टेशन चालू है- आरे JVLR, सीप्ज़, अंधेरी MIDC, मरोल नाका, CSMIA टी2, सहार रोड, CSMIA टी1, सांताक्रूज, बांद्रा कॉलोनी, बीकेसी (बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स), धारावी, शीतलादेवी मंदिर, दादर मेट्रो, सिद्धिविनायक मंदिर, वर्ली और आचार्य अत्रे चौक। ये शुरू होंगे- विज्ञान संग्रहालय, महालक्ष्मी, मुंबई सेंट्रल, ग्रांट रोड, गिरगांव, कालबादेवी, सीएसएमटी, हुतात्मा चौक, चर्चगेट, विधान भवन और कफ परेड।

महाराष्ट्र सरकार ने मार्च 2022 में इस एक्वा लाइन को कफ परेड से आगे नेवी नगर तक बढ़ाने की योजना भी घोषित की थी। फिलहाल, दशहरे पर मुंबईकरों को पहली बार एक पूरी भूमिगत मेट्रो की सौगात मिलने जा रही है, जो शहर की यात्रा को कहीं अधिक तेज, सुरक्षित और आरामदायक बना देगी।

ये भी पढ़ें

खुशखबरी: 69 km लंबे पनवेल-बोरीवली-वसई रेल कॉरिडोर को हरी झंडी, 12710 करोड़ होंगे खर्च, जानें प्लान

Published on:
15 Sept 2025 08:45 pm
Also Read
View All

अगली खबर