मुंबई

Navi Mumbai: घर पर CBI ने मारा छापा, तो कस्टम अधिकारी ने कर ली आत्महत्या, सुसाइड नोट में बड़ा खुलासा

Navi Mumbai News: एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीबीआई ने पिछले सप्ताह ही अधिकारी मयंक सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया था। इस मामले में उनके घर पर छापेमारी भी की गयी थी।

2 min read
Aug 27, 2023
मृतक मयंक सिंह

Customs Officer Mayank Singh: नवी मुंबई में सीमा शुल्क (Customs) अधिकारी मयंक सिंह ने शुक्रवार को आत्महत्या कर ली। घटना के दो दिन पहले कस्टम विभाग में सुपरिटेंडेंट पद पर कार्यरत मयंक सिंह के घर पर सीबीआई ने छापेमारी की थी। अगले ही दिन अधिकारी ने नवी मुंबई के तलोजा लेक में कूदकर अपनी जान दे दी।

मिली जानकारी के मुताबिक, 38 वर्षीय सीमा शुल्क अधीक्षक ने कथित तौर पर नवी मुंबई में तलोजा जेल (Taloja Jail) के पास एक तालाब में कूदकर अपनी जान दे दी। शुक्रवार को उनका शव तालाब में तैरता मिला था। नवी मुंबई के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी मयंक सिंह ने एक पेज का सुसाइड नोट छोड़ा है। जिसमें उन्होंने तीन सीमा शुल्क अधिकारियों सहित छह व्यक्तियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। यह भी पढ़े-मुंबई: मुलुंड के बालराजेश्वर मंदिर में सेवा करने गया था युवक, हुई दर्दनाक मौत!

पुलिस ने फ़िलहाल आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है और सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल किसी भी व्यक्ति पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस का मानना है कि सीबीआई द्वारा मामला दर्ज किये जाने के बाद से कस्टम अधिकारी मयंक सिंह तनाव में थे, जिसके कारण उन्होंने यह कदम उठाया होगा।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीबीआई ने पिछले सप्ताह ही सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था। इस मामले में उन पर उचित सीमा शुल्क (Customs Duties) वसूले बिना एक आयात खेप को मंजूरी देने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद इस मामले में सीबीआई ने सिंह के आवास और इसमें शामिल अन्य लोगों के आवासों पर तलाशी ली थी। इसके महज दो दिन बाद ही सिंह का शव पानी में तैरते मिला।

सीमा शुल्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सिंह पर आरोप लगा था कि उन्होंने दो कंपनियों से रिश्वत लेकर 14.5 लाख रुपये का जुर्माना वसूले बिना उन कंपनियों का माल छोड़ दिया। कस्टम की इंटेलिजेंस यूनिट ने संबंधित माल को रायगढ़ के जेएनपीटी (जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट) के गोदाम में रोका था।

Published on:
27 Aug 2023 04:43 pm
Also Read
View All