मुंबई

वजूद बचाने के लिए राज ठाकरे उत्तर भारतीयों की शरण में, 2 दिसंबर को पहली बार हिंदी भाषियों के कार्यक्रम में होंगे शरीक

यह पहला मौका होगा, जब वे हिंदी भाषियों के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे...

2 min read
Nov 12, 2018
raj thakrey file photo
raj thakrey file photo

रोहित के. तिवारी. की रिपोर्ट...

(मुंबई): अंततः महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने अपना राजनीतिक वजूद बचाने की कोशिशों के तहत उत्तर भारतीयों की शरण में जाने का फैसला कर लिया है। दरअसल, मनसे भी यह समझ चुका है कि उत्तर भारतीयों के बिना चुनावी वैतरणी पार नहीं की जा सकती। खबर है कि मुंबई में दो दिसंबर को उत्तर भारतीय महापंचायत संघ के कार्यक्रम में मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने शामिल होने का फैसला किया है। खास बात यह है कि मनसे मुखिया ठाकरे अब तक मराठी भाषा और मराठी माणुस का नारा बुलुंद करते हुए उत्तर भारतीयों को निशाने पर रखते रहे हैं। एकाध टीवी इंटरव्यू को छोड़ दें तो सार्वजनिक जीवन में उन्हें हिंदी में बात करते हुए भी कम ही सुना गया है। यह पहला मौका होगा, जब वे हिंदी भाषियों के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।


मनसे प्रवक्ता संदीप देशपांडे के मुताबिक उत्तर भारतीय मंच ने राज ठाकरे को उत्तर भारतीयों से संवाद का निमंत्रण दिया था। मनसे अध्यक्ष ठाकरे ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है, जिसमें वे 2 दिसंबर को उपस्थित रहेंगे। गौरतलब है कि मनसे पर उत्तर भारतियों को परेशान करने, माटपीट करने के लगातार आरोप लगते रहे हैं। मनसे व ठाकरे के इस तरह के बर्ताव को लेकर उत्तर भारतीयों ने उनसे दूरी बना ली, जबकि मुंबई में उत्तर भारतीयों की संख्या काफी ज्यादा है।


विदर्भ का और दुर्गम इलाकों का दौरा भी किया

मनसे सूत्रों के मुताबिक मनसे प्रमुख राज ठाकरे इस कार्यक्रम में अपनी पार्टी की विचारधारा साझा करेंगे। उत्तर भारतीयों की तरफ से यह आमंत्रण गत 12 अक्टूबर को दिया गया था, जिस पर अब जाकर फैसला हुआ है। काबिलेगौर है कि आगामी चुनाव के मद्देनजर मनसे प्रमुख ठाकरे ने अपना वर्चस्व कायम रखने के लिए अभी हाल ही में महाराष्ट्र के विदर्भ और दुर्गम इलाकों का दौरा किया था। उस समय जनता की परेशानियों की ओर राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए सत्ता में काबिज लोगों को ललकारा था।


वहीं विदर्भ दौरे के दौरान राजनीति के पुरोधा राकांपा चीफ शरद पवार से हुई छोटी सी मुलाकात को लेकर भी यह माना जा रहा है कि राज ठाकरे अब विरोधियों पर निशाना साधने के लिए अपनी तरह से रणनीति तैयार करेंगे और किसी भी जाति विशेष से कोई बैर नहीं रखेंगे। जनता-जनार्दन की परेशानियों को लेकर मनसे अब राज्य भर में तरह-तरह के कार्यक्रम आयोजित करने को तैयार है।

Published on:
12 Nov 2018 06:00 pm