मुंबई

Lok Sabha Elections 2024: CM के बेटे श्रीकांत शिंदे कल्याण से, पूर्व मेयर नरेश म्हस्के ठाणे से लड़ेंगे चुनाव

Maharashtra Lok Sabha Elections 2024 : शिवसेना ने कल्याण से मौजूदा सांसद श्रीकांत शिंदे को और ठाणे से ठाणे के पूर्व मेयर नरेश म्हस्के को अपना उम्मीदवार बनाया है।

2 min read
May 01, 2024

Shrikant Shinde : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की नीत शिवसेना ने महाराष्ट्र की ठाणे और कल्याण लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। शिवसेना ने सीएम शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे को एक बार फिर कल्याण निर्वाचन क्षेत्र से टिकट दिया है। जबकि ठाणे निर्वाचन क्षेत्र में पूर्व मेयर नरेश म्हस्के को प्रत्याशी बनाया है।

एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना ने मंगलवार को बीजेपी के साथ बैठक के बाद ठाणे और कल्याण लोकसभा सीट पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया। ठाणे से जहां पार्टी ने नरेश म्हस्के को टिकट थमाया है, तो वहीं श्रीकांत शिंदे को कल्याण सीट पर फिर से उतारा गया है। ठाणे और कल्याण सीट पर 20 मई को मतदान होगा।

ठाणे के पूर्व मेयर नरेश म्हस्के का ठाणे लोकसभा सीट पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के उम्मीदवार एवं मौजूदा सांसद राजन विचारे से मुकाबला होगा।

वहीँ, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे वर्तमान में कल्याण लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह लगातार दो बार कल्याण से जीत चुके है। 37 वर्षीय श्रीकांत डाक्टर है। उन्होंने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस और ऑर्थोपेडिक्स में एमएस (M.S. Orthopedics) की डिग्री हासिल की है।

16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी शिवसेना- CM शिंदे

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पिछले महीने सत्तारूढ़ ‘महायुति’ के उम्मीदवार के रूप में श्रीकांत शिंदे के नाम की घोषणा की थी। सत्तारूढ़ महायुति (गठबंधन) में शिवसेना, बीजेपी और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) शामिल हैं।

ठाणे को मुख्यमंत्री शिंदे का गढ़ माना जाता है। वह ठाणे में कोपरी-पचपखाड़ी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। शिवसेना जल्द ही नासिक और पालघर लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकती है। राज्य की 48 लोकसभा सीटों में से शिंदे की शिवसेना 16 पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।

Updated on:
01 May 2024 08:24 pm
Published on:
01 May 2024 08:21 pm
Also Read
View All

अगली खबर