Thane Crime News: मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी और बच्चे की मां के बीच प्रेम संबंध थे। लेकिन बाद में महिला ने आरोपी से दूरी बना ली, जिसके कारण उनमें झगड़ा हुआ था।
Kalyan News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। कल्याण इलाके में प्रेम प्रसंग के चलते सात साल के मासूम की पानी की टंकी में डूबकर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने बच्चे की हत्या के आरोप में एक वॉचमैन को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला से विवाद के बाद वॉचमैन ने उसके सात वर्षीय बच्चे प्रणव भोसले का कथित तौर पर अपहरण कर लिया और उसकी हत्या कर दी। कथित तौर पर आरोपी गौरीपाड़ा इलाके में सुंदर रेजिडेंसी बिल्डिंग की छत पर गया जहां उसने प्रणव को बिल्डिंग के पानी के टैंक में धकेल दिया और वहां से चला गया। लड़के की हत्या करने के बाद आरोपी थाने गया और आत्महत्या का नाटक करने लगा। यह भी पढ़े-एक लड़की और दो प्रेमी... ठाणे में एक्स गर्लफ्रेंड के बॉयफ्रेंड की चाकू मारकर हत्या, एमपी भागा आरोपी
खड़कपाड़ा पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक एसएस सुरवासे ने बताया कि आरोपी नितिन कांबले ने सोमवार को कल्याण में बच्चे का उसके स्कूल से अपहरण कर लिया। बाद में जब प्रणव घर नहीं लौटा तो उसके परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने तलाश शुरू की और एक आवास परिसर की पानी की टंकी में उन्हें बच्चे का शव मिला। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी और प्रणव की मां के बीच प्रेम संबंध थे। लेकिन बाद में महिला ने आरोपी से दूरी बना ली, जिसके कारण उनमें झगड़ा हुआ था। अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने महिला से बदला लेने के लिए कथित तौर पर बच्चे का अपहरण किया और उसे हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के टंकी में डुबा कर मार डाला। आरोपी पहले उसी बिल्डिंग में चौकीदार के तौर पर काम करता था
पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी वॉचमैन अक्सर प्रणव को उसके स्कूल से लाता था।