मुंबई

उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ शिवसेना आक्रामक, महाराष्ट्र में एंट्री रोकने की मांग, मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज

Shiv Sena on Udhayanidhi Stalin: सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, ऐसे कई स्टालिन आएंगे और चले जाएंगे, लेकिन सनातन धर्म इस धरती के अंत तक रहेगा।
2 min read
Sep 04, 2023
shiv_sena_on_udhayanidhi_stalin.jpg
उदयनिधि स्टालिन के महाराष्ट्र आने पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए- बीजेपी नेता की मांग

Udhayanidhi Stalin Sanatana Remark: सनातन धर्म के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने वाले द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता उदयनिधि स्टालिन की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन (MK Stalin) के बेटे उदयनिधि स्टालिन के महाराष्ट्र आने पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठ रही है। दरअसल द्रमुक (DMK) विधायक उदयनिधि के खिलाफ शिवसेना (शिंदे गुट) आक्रामक हो गयी है।

जानकारी के मुताबिक, शिवसेना यूथ विंग के नेता राहुल कनाल ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही खबर है कि शिंदे गुट भी उदयनिधि के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की तैयारी में है। द्रमुक नेता उदयनिधि वर्तमान में तमिलनाडु के युवा कल्याण मंत्री है। यह भी पढ़े-'आरक्षण का GR लिए बिना सरकारी नुमाइंदे आये तो..', मराठा नेता की शिंदे सरकार को चेतावनी


ऐसे कई स्टालिन आएंगे और चले जाएंगे- CM शिंदे

हाल ही में एक कार्यक्रम में उदयनिधि स्टालिन ने आपत्तिजनक शब्दों में सनातन धर्म की आलोचना की। इस पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तीखी प्रतिक्रिया दी। साथ ही शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर कटाक्ष किया। शिंदे ने ट्वीट कर कहा, ऐसे कई स्टालिन आएंगे और चले जाएंगे, लेकिन सनातन धर्म इस धरती के अंत तक रहेगा। यह न केवल हिंदू धर्म पर हमला है बल्कि हिंदू संस्कृति, संस्कार और उज्ज्वल परंपरा का अपमान किया गया है। उन्होंने करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का पाप किया है। इस टिप्पणी से 'इंडी' गठबंधन (INDIA Alliance) का सच्चा हिंदू-विरोधी चेहरा सबके सामने आया है।

शिवसेना मुखिया एकनाथ शिंदे ने चुनौती देते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन में शामिल उद्धव ठाकरे को भी स्टालिन को जवाब देना चाहिए. हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे होते तो वह शिवसैनिकों से ऐसे हिंदू विरोधी बयानों का पुरजोर विरोध करने को कहते।

महाराष्ट्र आने पर लगे प्रतिबंध- बीजेपी नेता

उदयनिधि स्टालिन के विवादित पोस्ट के बाद मुंबई उपनगर के पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से द्रमुक नेता के महाराष्ट्र आने पर प्रतिबंध लगाने का अनुरोध किया है। बीजेपी नेता लोढ़ा ने कहा, महाराष्ट्र का माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा। लोढ़ा ने स्टालिन को चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक वह सनातन धर्म को खत्म करने और हिंदुओं का अपमान करने वाला अपना बयान वापस नहीं लेते है तब तक उन्हें महाराष्ट्र की धरती पर कदम नहीं रखने दिया जाना चाहिए।

उदयनिधि अपने बयान पर कायम

तमिलनाडु के युवा कल्याण मंत्री उदयनिधि ने दावा किया कि ‘सनातन धर्म’ समानता और सामाजिक न्याय के खिलाफ है और इसे खत्म कर देना चाहिए। उदयनिधि ने ‘सनातन धर्म’ की तुलना कोरोना वायरस, मलेरिया और डेंगू से की और कहा कि ऐसी चीजों का विरोध नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि इन्हें नष्ट कर देना चाहिए। कड़े विरोध के बावजूद उदयनिधि स्टालिन अपने इस आपत्तिजनक बयान पर कायम हैं। बता दें कि द्रमुक विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) का हिस्सा है।

Published on:
04 Sept 2023 07:15 pm