हृदय विदारक घटना मे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के बाद 9 वर्षीय मासूम बच्चे द्वारा तीनों के शवों को मुखाग्नि देने से माहौल और भी गमगीन बन गया। बता दें कि गांव मथैडी के एक किसान ने आर्थिक तंगी के कारण अपनी दो बेटियों श्वेता व पम्मी को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली थी। इस घटना के बाद शनिवार को तीनों का अंतिम संस्कार किया गया। अंत्येष्टी में शामिल हुए ग्रामीणों के चेहरों पर मासूसी छाई हुई थी तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
उल्लेखनीय है कि बीते दिन क्षेत्र के गांव मथैडी निवासी किसान जयवीर ने आर्थिक तंगी के कारण अपनी दो बेटियों श्वेता व पम्मी सहित पत्नी को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली थी। इसके बाद आनन-फानन में चारों को अस्पताल ले जाया गया। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और हर कोई की ओर दौड़ पड़ा।
अस्पताल में उपचार के दौरान जहां श्वेता, पम्मी और किसान जयवीर ने दम तोड़ दिया। वहीं पत्नी मीनू की हालत गंभीर बनी हुई। जानकारी के अनुसार मीनू के पैर में गोली लगी थी। फिलहाल वह जिला चिकित्सालय में ही भर्ती है। इधर पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को जैसे तीनों का शव गांव पहुंच तो चीख-पुकार मच गई। इसके बाद तीनों को जयवीर के 9 वर्षीय बेटे कृष्णा ने मुखाग्नि दी। इस दौरान आसपास के गावों के भी अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।