10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘अब सड़क नहीं, यमुना के बीच से देखिए दिल्ली’, क्रूज की सैर के साथ मिलेंगी ये खास सुविधाएं!

Namo Yamuna River Safari: दिल्ली के सोनिया विहार से 'नमो यमुना रिवर सफारी' शुरू होने जा रही है। यहां लोग 500 रुपए में क्रूज की सैर कर सकेंगे। बच्चों के लिए गेमिंग जोन, फूड जोन और म्यूजिकल फाउंटेन समेत कई आकर्षण भी होंगे।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Imran Sheikh

•

Updated: 10 Nov 2026, 10:24 AM IST

Namo Yamuna River Safari

सीएम रेखा गुप्ता और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने नमो यमुना क्रूज सफारी की तैयारी का जायजा लिया। (फोटो सोर्स-IANS)

Delhi Tourism: दिल्ली में अब यमुना के बीच से शहर का नजारा देखने का मौका मिलेगा। यहां आने वाले लोग क्रूज में बैठकर नदी की सैर कर सकेंगे। इतना ही नहीं, परिवार और बच्चों के मनोरंजन के लिए भी कई सुविधाएं तैयार की गई हैं। दिल्ली सरकार मंगलवार को सोनिया विहार से 'नमो यमुना रिवर सफारी' की शुरुआत करने जा रही है।

दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने सोनिया विहार पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि क्रूज तैयार है और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इसका उद्घाटन करेंगी। इस परियोजना को केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने मिलकर तैयार किया है। इसका मकसद यमुना किनारे घूमने और मनोरंजन के लिए एक नया ठिकाना बनाना है।

सोनिया विहार से जगतपुर तक चलेगा क्रूज

इस क्रूज में बैठकर सोनिया विहार से जगतपुर तक करीब पांच किलोमीटर की सैर की जा सकेगी। एक चक्कर पूरा करने में लगभग 40 मिनट लगेंगे। क्रूज में एक बार में 30 लोग बैठ सकेंगे। टिकट का किराया प्रति व्यक्ति 500 रुपए रखा गया है। इसके लिए ऑनलाइन टिकट बुक करने की सुविधा भी मिलेगी।

बच्चों के लिए गेमिंग जोन, खाने-पीने का भी इंतजाम

यमुना रिवर सफारी में आने वालों के लिए क्रूज के अलावा भी कई आकर्षण होंगे। यहां बच्चों के लिए गेमिंग जोन बनाया गया है, जहां वे अलग-अलग खेलों का आनंद ले सकेंगे। वहीं, खाने-पीने के शौकीनों के लिए फूड जोन भी तैयार किया गया है।

शाम होते ही यहां म्यूजिकल फाउंटेन लोगों को आकर्षित करेगा। कपिल मिश्रा के मुताबिक, इस फाउंटेन में भगवान श्रीकृष्ण और यमुना मैया से जुड़ी थीम पर खास प्रस्तुति दिखाई जाएगी। इससे शाम के समय यहां आने वाले लोगों को एक अलग अनुभव मिलेगा।

सुबह 9 से रात 9 बजे तक मिलेगी एंट्री

पर्यटन मंत्री ने बताया कि परिसर में सुबह 9 बजे से प्रवेश शुरू होगा और रात करीब 9 बजे तक आखिरी टिकट जारी किया जाएगा। फिलहाल क्रूज में एक बार में 30 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। आने वाले समय में नावों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग यमुना की सैर कर सकें।

इस तरह दिल्ली में परिवार के साथ घूमने वालों के लिए एक नया विकल्प तैयार हो गया है। क्रूज की सैर, बच्चों के खेल, खाने-पीने और म्यूजिकल फाउंटेन जैसी सुविधाओं के चलते सोनिया विहार का यह इलाका पर्यटन के नए ठिकाने के रूप में उभर सकता है।