9 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दिवाली पर दिल्ली में आग की 214 कॉल, AIIMS में 42 झुलसे मरीज पहुंचे; 11 की हालत गंभीर

Diwali Firecracker Injuries: दिवाली पर दिल्ली में आग की 214 घटनाओं की कॉल मिलीं, जबकि AIIMS में 42 बर्न केस दर्ज हुए। इनमें 11 मरीजों को गंभीर जलने की चोटें आईं, जबकि एक 8 वर्षीय बच्चे का शरीर 45 फीसदी तक झुलस गया।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Imran Ansari

•

Updated: 9 Nov 2026, 12:37 PM IST

Diwali Firecracker Injuries

दिवाली पर दिल्ली में आग की 214 कॉल, फोटो सोर्स- ANI

Delhi Diwali Fire: दिवाली के मौके पर दिल्ली में आग लगने की घटनाओं और पटाखों से झुलसने के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिली। दिल्ली फायर सर्विसेज को दिवाली के दौरान आग से जुड़ी 214 कॉल मिलीं, जिनमें 24 मामले पटाखों से संबंधित थे। वहीं, AIIMS नई दिल्ली में दिवाली से जुड़े 42 बर्न केस दर्ज किए गए, जिनमें 11 मरीजों को गंभीर श्रेणी में रखा गया।

दिल्ली फायर सर्विस को मिलीं 257 कॉल

दिल्ली फायर सर्विसेज के प्रमुख एके मलिक ने सोमवार को बताया कि 8 नवंबर को विभाग को कुल 257 कॉल मिलीं। इनमें 214 कॉल आग लगने की घटनाओं से संबंधित थीं। आग की घटनाओं में छह लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने बताया कि इस दौरान एक जंगल में आग लगने की कॉल भी मिली। आग बुझाने के दौरान करीब पांच दमकलकर्मियों को मामूली चोटें आईं, हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं लगी।

सात बड़ी आग की घटनाएं

एके मलिक के मुताबिक, दिवाली के दौरान दिल्ली फायर सर्विसेज को सात बड़ी आग की कॉल भी मिलीं। पिछले साल की तुलना में इस बार आग की घटनाओं से जुड़ी कॉल में कमी दर्ज की गई। पिछले साल विभाग को 231 फायर कॉल मिली थीं, जबकि इस साल यह आंकड़ा 214 रहा। दिल्ली फायर सर्विस की टीमों को हरियाणा के सोनीपत में भी भेजा गया, जहां दमकल की तीन गाड़ियों ने एक मध्यम श्रेणी और दो बड़ी आग की घटनाओं पर कार्रवाई की।

शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक 281 कॉल

फायर सर्विसेज के मुताबिक, दिवाली की शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक करीब 281 कॉल दर्ज की गईं। इनमें से लगभग 178 कॉल आधी रात तक आ चुकी थीं।

AIIMS में 42 बर्न केस, 11 मरीजों को गंभीर जलने की चोट

इस बीच, AIIMS नई दिल्ली के प्लास्टिक, रिकंस्ट्रक्टिव एंड बर्न्स सर्जरी विभाग के मुताबिक, सोमवार सुबह 11 बजे तक दिवाली से जुड़े 42 जलने के मामले सामने आए। इनमें 11 मरीजों को गंभीर रूप से झुलसा हुआ बताया गया। इनमें चार मरीज ICU में और सात मरीज वार्ड में भर्ती किए गए। वहीं, 31 मरीजों को मामूली जलने की चोटें आईं। पांच मरीजों की सर्जरी की गई, जबकि कुल आठ मरीज अस्पताल में भर्ती रहे। इनमें एक मरीज की हालत गंभीर बताई गई।

8 साल के बच्चे का शरीर 45 फीसदी तक झुलसा

AIIMS के आंकड़ों के मुताबिक, 10 साल से कम उम्र के छह बच्चे पटाखों या अन्य कारणों से झुलसे। इनमें एक बच्चे को ICU और चार को वार्ड में भर्ती किया गया, जबकि एक बच्चे को मामूली चोट आई। सबसे कम उम्र का मरीज पांच साल का था। वहीं, आठ साल के एक बच्चे का शरीर करीब 45 फीसदी तक झुलस गया, जिसके चलते उसकी हालत गंभीर बताई गई।

10 से 18 साल की उम्र में 12 मामले

10 से 18 वर्ष की उम्र के बच्चों और किशोरों में कुल 12 बर्न केस दर्ज किए गए। इस आयु वर्ग में अनार पटाखे को चोटों का सबसे आम कारण बताया गया। वहीं, 18 से 60 वर्ष की उम्र के लोगों में 22 मामले सामने आए। इस आयु वर्ग में ज्यादातर लोगों के हाथ झुलसे। 60 वर्ष से अधिक उम्र के एक मरीज को भी अस्पताल में भर्ती किया गया। उसकी ICU में भर्ती करने के बाद सर्जरी की गई।

37 मामले पटाखों से झुलसने के

AIIMS की रिपोर्ट के मुताबिक, 42 मामलों में से 37 मामले पटाखों से जलने से संबंधित थे। दो मामले पोटाश से जलने के थे, जिनमें एक 13 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। AIIMS ने यह भी बताया कि आंखों में चोट से जुड़े कुछ मरीज सीधे अस्पताल के डॉ. आरपी सेंटर की आई इमरजेंसी में पहुंचे हो सकते हैं। इससे दिवाली के दौरान पटाखों से आंखों को होने वाली चोटों के मामलों की संख्या अलग से दर्ज हो सकती है।