
मुजफ्फरनगर। थाना चरथावल क्षेत्र में उस समय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जब उन्होंने बुधवार शाम मजदूरी कर वापस अपने घर लौट रहे एक युवक का शव जंगल में पेड़ से लटका हुआ देखा। घटना की जानकारी मिलते ही सैंकड़ो ग्रामीणों की भीड़ मौके पर इकत्र हो गई। वहीं मामले की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पेड़ पर लटके युवक के शव को उतारना चाहा, तो ग्रामीण हंगामा करने लगे और पुलिस को शव देने से इंकार कर दिया। मृतक के परिजनों ने मुजफ़्फरनगर के एक व्यक्ति पर उसकी हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मौके पर मांग करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। घटना के 5 घंटे बाद किसी तरह आसपास के ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। जिसके बाद पुलिस ने मृतक शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मजदूरी कर घर लौट रहा था शख्स
जानकारी के अनुसार, गांव हकीमपुरा निवासी धर्मदास उर्फ बांसी उम्र 40 वर्ष मुजफ्फरनगर शहर से रात्रि लगभग 8:00 बजे मजदूरी कर अपने घर लौट रहा था। तभी रास्ते में मृतक के गांव के पास ही कुछ लोगों को मृतक की मोटरसाइकिल रास्ते पर खड़ी दिखी। जिसे देखकर गांव वालों ने गांव में शोर मचाया। जिस पर सैंकड़ो की संख्या में ग्रामीणों ने जंगल में जाकर देखा तो एक गन्ने के खेत के पास युवक का शव पॉपुलर के पेड़ से टंगा हुआ मिला। इस पर ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद चरथावल पुलिस व सीओ सदर धनंजय कुशवाह व कई थानों की पुलिस ने भीड़ को काफी समझाना चाहा, लेकिन मृतक के परिजन व ग्रामीण मौके पर ही हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
ट्रासपोर्टर पर लगाया बेटे की हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि मुजफ्फरनगर के एक ट्रांसपोर्टर से मृतक का काफी दिन से एक गाड़ी को लेकर विवाद चल रहा था और कई बार ट्रांसपोर्टर द्वारा मृतक युवक को धमकी दी जा चुकी थी। उन्हें शक है कि ट्रांसपोर्टर द्वारा ही धर्मदास की हत्या की गई है। लगभग 5 घंटे हंगामे के बाद ग्रामीणों ने गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।