
प्रदेश कांगेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द्र सिंह डोटासरा State Congress Committee President Govindra Singh Dotasara ने रविवार को नागौर में कहा कि भाजपा के पास मुद्दे नहीं हैं, केवल धर्म के नाम पर झगड़े करवाए जा रहे हैं। डोटासरा ने कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि इनके लिए न तो महंगाई मुद्दा है और न ही रोजगार, सोशल सिक्युरिटी देना या किसानों का ऋण माफ करना। इनका मुद्दा है जय श्रीराम बोलना, इन्होंने इसे चुनावी एजेंडा बना लिया है, जबकि राम को हर धर्म में पूजा जाता है, राम तो मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने जो योजनाएं चलाई, वो बहुत अच्छी थी, लेकिन कुछ कारण रहे, जिनके कारण हम सत्ता में रिपीट नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि देश में भाजपा सरकार का तानाशाही का रवैया चल रहा है, संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। आज ईडी में 6590 के करीब मुकदमे दर्ज है, उनमें 70 प्रतिशत मुकदमे एनडीए एलायंस के नेताओं के खिलाफ हैं, लेकिन उनके एक भी नेता को नोटिस तक नहीं भेजा जा रहा है। हमारा कोई भी दिखता नेता है तो उसके यहां ईडी भेज दो, डरा दो, धमका दो, माहौल बना दो, देश में अभी यही चल रहा है।
दोषी हैं तो जेल में डालो
डोटासरा ने कहा कि ये दो महीने से केवल जांचें करवाने की बातें कर रहे हैं, मैं तो कहता हूं जांचें कराने से मना कौन कर रहा है, यदि कोई दोषी है तो गिरफ्तार करके जेल में डालो, किसने मना किया है। कौन रोक रहा है, लेकिन इनको करना कुछ नहीं है, केवल बातें करके माहौल बनाना है।
प्रदेश सरकार की स्थिति ‘अली बाबा, चालीस चोर’ फिल्म वाली
डोटासरा ने कहा कि दस साल पहले मोदीजी ने जो दस मुद्दे बताए थे, उन पर काम नहीं हुआ है। आज हमारा देश पाकिस्तान और श्रीलंका की तरफ जा रहा है, आज हमारे पड़ौसी देशों से सम्बन्ध खराब हो रहे हैं। प्रदेश की सरकार को दो महीने हो गए, लेकिन इनकी स्थिति ‘अली बाबा, चालीस चोर’ फिल्म वाली है। ऊपर से इशारा मिलने पर ही कोई काम होता है। 100 दिन की कार्ययोजना बनाने में इनको 50 दिन निकल गए। दनका कोई न कोई विजन है और न ही सोच।
कांग्रेस की यात्रा लोकतंत्र को बचाने के लिए
प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के क्रम में हम युवा, महिला, रोजगार, भागीदारी आदि पांच मुद्दों को लेकर प्रदेश के प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी के नेता एकजुट होकर भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। राजस्थान में कैसे भाईचारा बना रहे, इसके लिए काम कर रहे हैं।
टिकट किसको मिलेगा
लोकसभा में टिकट देने के प्रश्न पर डोटासरा ने कहा कि जनता के बीच रहने वाला हो, जीतने वाला हो, जीतकर निडरता के साथ भाजपा के ?खिलाफ आवाज उठाने वाला हो, जनता का चहेता हो व हमारी विचारधारा का हो, उसी को टिकट देंगे।
आरएलपी से गठबंधन पर बोले
लोकसभा चुनाव में आरएलपी से गठबंधन करने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि गठबंधन किससे होगा, इसके लिए आलाकमान ने पांच आदमियों की कमेटी बना रखी है, वो ही तय करेगी। हम हमारी राय दे देंगे। उन्होंने कहा कि इंडिया एलायंस में कोई व्यक्ति होगा, उसी से गठबंधन होगा। दूसरे से कैसे होगा।