नागौर

मां किड़नी देकर देगी बेटे को जीवनदान, इलाज खर्च के लिए ग्रामीणों ने चलाई मुहिम

Rajasthan News : गांव के 24 वर्षीय युवक सुरेश मण्डा की दोनों किडनियां खराब हो गई है। वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। किडनी देने के लिए मां संतोष तैयार हुई। जब यह बात गांव के युवाओं को पता लगी तो सोमवार को सोशल मीडिया पर युवाओं ने मदद करने की मुहिम चलाई।
2 min read
• •
Updated: 29 Feb 2024, 3:11 PM IST
transplant.jpg
खजवाना. पीड़ित को पांच लाख रुपए की राशि देने वाले गरीबराम मण्डा के साथ ग्रामीण और पीड़ित सुरेश मण्डा।

Nagaur News : किसी परिवार पर दुख का पहाड़ टूटता है तो मानवता के नाते समाज मदद करने आगे आता है। यह समृद्ध भारतीय परम्परा की पहचान है। ऐसा ही उदाहरण क्षेत्र के ढाढरिया कलां गांव में देखने को मिल रहा है।

गांव के 24 वर्षीय युवक सुरेश मण्डा की दोनों किडनियां खराब हो गई है। वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। एक तरफ किडनी की आवश्यकता तो दूसरी तरफ इलाज के लिए मोटी रकम जुटाना परिवार के लिए चिंता बनी हुई थी। किडनी देने के लिए मां संतोष तैयार हुई। आवश्यक चिकित्सकीय जांचों के बाद मां की किडनी सुरेश के लिए उपयुक्त पाई गई, लेकिन इलाज में करीब 15 से 17 लाख रुपए की रकम अड़चन पैदा कर रही थी।

जब यह बात गांव के युवाओं को पता लगी तो सोमवार को सोशल मीडिया पर युवाओं ने मदद करने की मुहिम चलाई। देखते ही देखते सात लाख से अधिक की राशि एकत्रित हो गई। मदद का सिलसिला अब भी जारी है।


सुरेश के बड़े भाई हनुमान ने पत्रिका को बताया कि करीब 15 वर्ष पूर्व उनके पिता शिवनारायण मण्डा की भी दोनों किडनियां खराब हो गई थी। उस समय में इलाज की सुविधा नहीं होने व पैसों की तंगी के कारण उन्हें जान गंवानी पड़ी थी। अब सुरेश की भी दोनों किडनियां खराब होने से परिवार में भय का माहौल है। वे परिवार के दूसरे सदस्य को खोना नहीं चाहते। उनका कहना है कि आय का कोई खास स्रोत नहीं होने से उनके लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना नामुमकिन है। अगर समाज ने सहायता नहीं की तो उनके भाई की जान खतरे में पड़ सकती है।


सोशल मीडिया पर चली मुहिम के बाद कई लोग क्षमतानुसार सहयोग कर रहे हैं। ढाढरिया कलां के गरीबराम हरदीनराम मण्डा ने पांच लाख, कानाराम मण्डा ठेकेदार ने एक लाख रुपए व भाजपा नेता रेवंतराम डांगा ने 21 हजार रुपए का सहयोग दिया है। वहीं प्रेमाराम मण्डा, महेन्द्र ग्वाला सहित कई युवा इस कार्य में जुटे हैं ताकि सुरेश का समय पर उपचार हो सके।


परिजनों ने बताया कि जो भी व्यक्ति सहायता करना चाहता है वह सुरेश के खाता संख्या 40003823354 एसबीआई मूण्डवा ब्रांच के खाते में अथवा फोन पे नम्बर 7728032115 पर सहयोग राशि जमा करवाकर मदद कर सकते हैं।

Updated on:
29 Feb 2024, 3:11 PM IST
Published on: