पंचायत चुनावों की निर्वाचक नामावलियों का अंतिम 25 फरवरी को होगा, एसआईआर के बाद जिले में 11.59 लाख हुए मतदाता, पुरुष 5.98 लाख तो महिलाएं 5.61 लाख
नागौर. पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर नागौर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार जिले में पंचायत चुनाव के लिए कुल 1325 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जिले में कुल 11 लाख 59 हजार 793 मतदाताओं का नाम निर्वाचक नामावली में हैं, जिनमें 5 लाख 98 हजार 671 पुरुष तथा 5 लाख 61 हजार 122 महिला मतदाता शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) नागौर के अनुसार 29 जनवरी 2026 को जिले की 12 पंचायत समितियों की निर्वाचक नामावलियों का प्रारूप प्रकाशन किया गया है। जिले में कुल 347 ग्राम पंचायतें एवं उनमें कुल 3429 वार्ड हैं। सर्वाधिक मतदाता मूंडवा पंचायत समिति में 1 लाख 41 हजार 607 तथा सबसे कम पांचौड़ी पंचायत समिति में 72 हजार 822 मतदाता हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 25 फरवरी 2026 को किया जाएगा। इससे पूर्व 31 जनवरी को वार्ड व मतदान केंद्रों पर नामावलियों का पठन किया गया। अब मतदाता 7 फरवरी तक दावे व आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे। विशेष अभियान 1 व 2 फरवरी को चलाया जाएगा, जबकि 14 फरवरी तक आपत्तियों का निस्तारण एवं 21 फरवरी तक पूरक सूचियों की तैयारी की जाएगी। जिला प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें और आवश्यक संशोधन करवा कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
29 जनवरी को प्रकाशित निर्वाचक नामावलियों के अनुसार जिले की स्थिति
पंचायत समिति - कुल ग्राम पंचायतें - कुल वार्ड - पोलिंग स्टेशन - पुरुष - महिला - कुल मतदाता
भैरूंदा - 31 - 307 - 119 - 57625 - 54397 - 1,12,022
डेगाना - 46 - 406 - 160 - 71184 - 68283 - 1,39,467
डेह - 23 - 225 - 89 - 38040 - 35799 - 73,839
जायल - 30 - 320 - 121 - 55535 - 53464 - 1,08,999
खींवसर - 26 - 268 - 97 - 44875 - 41248 - 86,033
मेड़ता सिटी - 25 - 255 - 106 - 45530 - 43094 - 88,624
मेड़ता-गोटन - 24 - 266 - 99 - 45400 - 42456 - 87,856
मूण्डवा - 38 - 404 - 156 - 72610 - 68997 - 141607
नागौर - 28 - 248 - 98 - 41726 - 38660 - 80,386
पांचौड़ी - 25 - 241 - 85 - 38728 - 34094 - 72,822
रियांबड़ी - 25 - 245 - 99 - 45830 - 43292 - 89,122
श्रीबालाजी-अलाय - 26 - 244 - 96 - 41678 - 37338 - 79,016
कुल - 347 - 3429 - 1325 - 5,98,671 - 5,61,122 - 11,59,793