https://www.patrika.com/nagaur-news/
मेड़ता सिटी. समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीद को लेकर गुरुवार को कांग्रेस पदाधिकारियों ने क्षेत्र के किसानों के साथ उपखंड अधिकारी हीरालाल मीणा को राष्ट्रपति व राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर शीघ्र ही खरीद प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है, जबकि दूसरी ओर से जिन काश्तकारों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है, उनके मूंग की भी खरीद गुरुवार से मेड़ता में शुरू नहीं हो पाई।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे जगदीशनारायण शर्मा, पूर्व विधायक रामचंद्र जारोड़ा, पीसीसी सदस्य लालाराम नायक, पूर्व जिला परिषद सदस्य पुरखाराम भंवरिया, पंचायत समिति सदस्य रामकुंवार, एडवोकेट चैनाराम, शिवदयाल, सत्यदेव सांदू, एडवोकेट दीनाराम, खुर्शीद गौरी सहित कांग्रेस कार्यकर्ता व किसान उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचे और एसडीएम मीणा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि हाल ही में केंद्र सरकार ने किसानों की दलहन जिंसों की उपज बड़ी तादाद में होने पर राजस्थान सरकार की संस्थान राजफेड को समर्थन मूल्य पर मूंग खरीद करने के आदेश दिए थे, ताकि किसानों को उपज का वाजिब दाम मिल सके। मगर जो आदेश दिए वह सीमित दायरे में दिए और लक्ष्य एक सप्ताह में ही पूरा हो गया। ऐसी परिस्थिति में अब किसानों का ई-मित्र सेंटर पर ऑनलाइन रजिस्ट्रे्रशन भी नहीं हो पा रहा है। केंद्र सरकार ने केवल किसानों को खुश करने के उद्धेश्य से समर्थन मूल्य पर मूंग खरीद शुरू करवाई, जो लक्ष्य दिया वह ऊंट के मुंह में जीरे के समान था। ज्ञापन में बताया कि मेड़ता क्षेत्र में बड़ी मात्रा में दलहन जिंस मूंग की बुवाई होती है। अब किसानों ने मूंग की नई उपज प्राप्त कर ली है और आगामी दिनों में दीपावली सहित कई बड़े त्यौहार भी आ रहे हैं। ऐसे में किसानों को फसल के अच्दे मूल्य की जरूरत है। अगर समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू नहीं हुई तो किसानों को सस्ते भावों में अपनी फसल बेचनी पड़ेगी। प्रतिनिधि मंडल ने शीघ्र ही किसान हित में समर्थन मूल्य पर खरीद प्रक्रिया शुरू करवाने की मांग की है।
23 किसानों के रजिस्ट्रे्रशन हुए, मगर शुरू नहीं हुई खरीद
सहकारिता विभाग की ओर से मिले लक्ष्य के अनुसार मेड़ता क्षेत्र के 2300 किसानों का समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन हुआ है। राजफेड के केंद्र मेड़ता कृषक क्रय-विक्रय सहकारी समिति लि. की ओर से खरीद गुरुवार से शुरू होनी थी। इस केंद्र पर 23 किसानों की सूची तो पहुंच गई, मगर टोकन एवं बारदान नहीं पहुंचने से गुरुवार को खरीद शुरू नहीं हो पाई, जिससे केंद्र पर दिनभर किसान खरीद शुरू होने को लेकर चक्कर काटते रहे। उल्लेखनीय है, कि गुरुवार से मेड़ता के साथ ही परबतसर, कुचामन सिटी, डीडवाना, डेगाना, जायल, नागौर, खींवसर, गच्छीपुरा में भी खरीद शुरू होनी थी।