
मूण्डवा. नागौर जिले के मूण्डवा थाना क्षेत्र के खुड़खुड़ा गांव स्थित लक्ष्मण गिरी महाराज के धूणे पर एक साधु ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान साधु मंगलगिरी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर मूण्डवा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस के अनुसार मंगलगिरी पर गत 6 मई को धूणे पर आए एक श्रद्धालु पर तलवार से हमला करने का आरोप था। इस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था और वह कई दिनों से जेल में था। बताया जा रहा है कि करीब दो-तीन दिन पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। जमानत पर रिहा होने के बाद वह वापस खुड़खुड़ा स्थित धूणे पर आ गया था।
शनिवार रात उसने धूणा परिसर में एक पेड़ पर फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर मूण्डवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों व आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
अवैध देसी पिस्टल व दो जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
पांचौड़ी. थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध देसी पिस्टल व दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी उर्जा राम ने बताया कि पुलिस टीम सहायक उप निरीक्षक धूलाराम के नेतृत्व में निजी वाहन से गश्त कर रही थी। पुलिस को देखकर देऊ-माडपुरा सड़क पर एक व्यक्ति भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम फलोदी जिले के कालीराणा नगर निवासी रमेश कुमार (35) पुत्र मानाराम बताया। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास एक अवैध देसी पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। कार्रवाई करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल डूंगरराम तथा कांस्टेबल पुरखाराम शामिल रहे।
चार साल से फरार 15 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
नागौर. सदर थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चार साल से फरार जिले के टॉप-10 वांछित अपराधी और 15 हजार रुपए के इनामी आरोपी सुनील को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस ने जोधपुर जिले के डांगियावास क्षेत्र से दस्तयाब किया। न्यायालय उसे भगोड़ा घोषित कर चुका था। सदर थाना पुलिस एवं डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सुनील पुत्र ओमाराम जाट, निवासी हेमनाडा एरिया, डांगियावास, जिला जोधपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी 21 मई 2022 को दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहा था।
ट्रक से मिला था 2483 किलो डोडा पोस्त
21 मई 2022 को सदर थाना पुलिस की टीम गश्त पर थी। इस दौरान गोगेलाव की सरहद स्थित वीर तेजा गार्डन एवं रेस्टोरेंट होटल के पास खड़े एक ट्रक की तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रक से 2483 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ था। इस संबंध में सदर थाना नागौर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी सुनील फरार चल रहा था।