कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस
पोषाहार सामग्री साफ करने के दिए निर्देश
नावां शहर. उपखण्ड अधिकारी रामसुख गुर्जर ने शुक्रवार को निकटवर्ती ग्राम भगवानपुरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। जहां दो अध्यापक अनुपस्थित मिलने के साथ ही समस्त व्यवस्थाएं समुचित नहीं मिली। जिस पर गुर्जर ने आवश्यक दिशा निर्देश देने के साथ ही दोनों अध्यापकों व प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किए। एसडीएम रामसुख गुर्जर ने भगवानपुरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया जहां उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर होने के बाद भी दो अध्यापक उपस्थित नहीं थे। जिस पर गुर्जर ने प्रधानाचार्य से दोनों शिक्षकों के विद्यालय में नहीं होने का कारण पूछा। जिस पर प्रधानाचार्य ने अध्यापिका विमला शर्मा व व्याख्याता भिवराज के सरकारी कार्य से बाहर जाने की बात कही। इस पर एसडीएम की ओर से रजिस्टर मांगा गया, लेकिन विद्यालय में मूविंग रजिस्टर संधारित नहीं था। उपखण्ड अधिकारी ने प्रधानाचार्य सहित दोनों अध्यापकों के नाम कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ ही मुविंग रजिस्टर संधारित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात एडीएम गुर्जर ने पोषाहार भण्डारण कक्ष का निरीक्षण किया। भण्डारण कक्ष में गेंहू व चावल देखते ही गुर्जर भडक़ गए तथा पोषाहार प्रभारी को फटकार लगाई। चावल व गेहूं में इल्लीया चल रही थी। उन्होंने तुरन्त प्रभाव से चावल व गेहूं की सफाई करवाने के निर्देश दिए तथा पोषाहार प्रभारी को पोषाहार के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। विद्यालय कक्षों में साफ सफाई व्यवस्था भी गड़बड़ाई हुई थी। उन्होंने प्रधानाचार्य को बताया कि बच्चों को शिक्षा विद्यालयों से ही मिलती है। यदि विद्यालय में ही साफ सफाई नहीं रहेगी तो बच्चें घर व गांव को साफ कैसे रख पाएंगे। उन्होंने विद्यालय की सफाई व्यवस्था पर विशेष रुप से ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के पश्चात समस्त अध्यापकों को धूम्रपान नहीं करने की शपथ दिलाई व बच्चों को भी इसकी शपथ दिलाने के निर्देश दिए।